लखीसराय। बिहार के लखीसराय स्थित अशोक धाम के इंद्र दमनेश्वर महादेव मंदिर में सावन के सोमवार के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच बिजली के पोल में करंट उतरने से अफरा-तफरी मच गई। करंट की चपेट में आने और इसके बाद मची भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सावन सोमवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का एलान
लखीसराय के अशोकधाम की घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताया है और मृतकों के लिए 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।





