लखनऊ। फैमली कंटेंट और समाज से जुड़े किस्सों को लेकर एक अलग अंदाज में दिखने वाले कपिल कनपुरिया अब एक पापुलर वेब सीरीज में नजर आ रहे हैं. कपिल की एक्टिंग के इस नए अंदाज को लोग काफी ज्यादा पसंद कर रहे हैं. कपिल को अभी लोग एक फेमस फैमिली कंटेंट क्रिएटर के नाम से भी जानते थे और लोग इनके कंटेंट को काफी पसंद भी करते थे लेकिन अब कपिल के चाहने वालों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि उनकी एक वेब सीरीज ठुकरा के मेरा प्यार ओटीटी प्लेटफार्म पर आ चुकी है. उसे लोग काफी ज्यादा पसंद कर रहे हैं। उन्होंने अपनी वेब सीरीज से जुड़े कई रोचक किस्सों के बारे में बताया। कपिल ने बताया कि उनके करियर में टर्निंग पॉइंट तब आया जब उनकी बाइक सर्विस वाली एक रील सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो गई। इस रील में उनके स्वाभाविक अभिनय को देखकर प्रोड्यूसर सचिन पांडे प्रभावित हुए और उन्होंने बुलावा भेजा। इस एक रील ने सीधे ओटीटी की दुनिया में एंट्री दिला दी। कपिल ने बताया कि ऐसे ही उन्हें पहली वेबसीरीज- ठुकरा के मेरा प्यार, मिल गई और अब 19 जून को उसका दूसरा पार्ट भी आ रहा है, जिसमें वे फिर निगेटिव रोल में नजर आएंगे।
बंधकर नहीं कर सकता काम
कपिल ने बताया कि पहले पार्ट के हिट होने के बाद उन्हें एक टीवी सीरियल के मुख्य रोल और लेखक के लिए भी आॅफर आया लेकिन वे बंधकर काम नहीं करना चाहते, इसलिए मना कर दिया। सोशल मीडिया पर मशहूर होने से पहले उन्हें एक वेबसीरीज भी मिली थी लेकिन वो रिलीज नहीं हुई। कपिल ने बताया कि शहर में आज जो रील्स चल रही हैं, उनमें अश्लीलता और गाली-गलौज धड़ल्ले से परोसी जा रही है लेकिन हम ऐसी चीजें देखना पसंद नहीं करते। हमारी आॅडियंस के लिए अश्लीलता का कंटेंट नहीं चलता है। उन्होंने हेटर्स या नेगेटिव कमेंट करने वालों के लिए कहा उन्हें ब्लॉक करो। क्योंकि अगर 5 नेगेटिव कमेंट्स आते हैं तो 95 पॉजिटिव कमेंट्स भी मिलते हैं, जो उनका हौसला बढ़ाते हैं।
शराब का गिलास दूध के गिलास में बदलवा दिया
कपिल ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने के लिए गालीगलौज और अश्लीलता का सहारा लेना आम बात हो गई है लेकिन वे गाली देने वाले रोल कभी नहीं कर सकते। इसके लिए उन्होंने कई रोल छोड़ दिए। एक वेबसीरीज में उनका कैरेक्टर शराब का गिलास पकड़ कर पीने का था लेकिन उसे उन्होंने दूध के गिलास में बदलवा दिया।
मनोज बाजपेयी और अनुराग कश्यप संग काम करने की इच्छा
अपनी कला और किरदारों के बारे में बात करते हुए कपिल ने बताया कि जल्द ही उनकी फिल्म- दिल चीर के देख, आने वाली है, जिसमें हारे हुए सभासद का किरदार निभाया है, जो कहानी में आगे चलकर विधायक बनता है। उनका वास्तविक जुड़ाव अयोध्या से है। फिल्म के लिए उन्होंने वजन कम किया। शहर के ही एक हारे हुए सभासद के साथ समय बिताया और कुछ दिन अयोध्यावासियों के साथ रहकर वहां का रहन सहन बोलचाल सीखी। कपिल ने कहा कि वे अभिनेता मनोज बाजपेयी और डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ काम करना चाहते हैं। उनका मानना है कि वह इस तरह के संजीदा सिनेमा का हिस्सा बनकर दर्शकों के बीच अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाना चाहते हैं। अनुराग की फिल्मों में गाली के किरदारों को लेकर कहा कि वो जमीन से जुड़े हुए बिल्कुल वास्तविक होते हैं। भले ही उनमें गाली हो लेकिन वो स्क्रिप्ट की डिमांड होते हैं । अगर उस तरह के रोल मिल जाएंगे तो वे कर लेंगे क्योंकि मुख्य सिनेमा और उनकी पब्लिक अलग-अलग है।
देखते ही देखते बन गए लाखों फालोअर्स
कपिल शुक्ला बताते हैं, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अधिकतर कंटेंट ऐसे हैं, जिसमें नाच-गाना, फूहड़ता और गालीगलौज की भरमार रहती है। दर्शक या फैंस उसे एक पल के लिए पसंद तो करते हैं, मगर बाद में उन्हें कहीं न कहीं अफसोस भी होता है कि ऐसी सामग्री नहीं होनी चाहिए. बस, मेरा भी यही मानना उस दिन से रहा, जब से अभिनय सीखा। तय किया कि कुछ अलग हटकर करना है। जो मेरी अपनी भाषा है, उसी पर आधारित डॉयलॉग्स होंगे, उसका ही मान बढ़ाना है। कहते हैं, यही कारण रहा कि कभी मेरे एक हजार फॉलोअर्स थे और मौजूदा समय में मुझे प्यार देने वालों की संख्या लाखों में हैं। बोले, जो मेरे वीडियो होते हैं, उनमें आमजन की समस्याएं, घरों में होने वाली चचार्ओं को दिखाया जाता है. कोशिश होती है कि हर वीडियो केवल डेढ़ मिनट का हो, क्योंकि जितना छोटा वीडियो होगा लोग उतना अधिक उसे पसंद करेंगे।
साल 2007-8 में थिएटर किया
कपिल ने बताया कि उन्होंने साल 2007-8 में थिएटर किया था लेकिन उसके बाद घर की कुछ ऐसी परिस्थितियों हो गई की जिन्हें देखते हुए उन्हें जॉब करना पड़ा। साल 2016-17 में उन्होंने वेब सीरीज भी की पर वह रिलीज नहीं हो पाई। उन्हें एक्टिंग का शौक बचपन से ही था , और वह लाख कठिन परिस्थितियों के बाद भी इससे दूर नहीं हुए और एक्टिंग से जुड़े रहे। साल 2019 में उनके कई मित्रों ने शॉर्ट फिल्म करने के लिए कहा लेकिन वह अपनी नौकरी में पूरी तरह से सेटल थे , इसके बाद कपिल की मां और उनकी पत्नी ने भी उन्हें काफी प्रोत्साहित किया। इसके बाद उनके इस सफर की शुरूआत हुई और आज वह एक अच्छी फैमिली कंटेंट क्रिएटर के रूप में जाने जाते हैं। चाहे युवा हो या फिर वृद्ध हर कोई उनके अभिनय को काफी पसंद करता है.साल 2023 में उन्हें बेस्ट रीजनल इनफ्लुएंसर का अवार्ड उन्हें मिला था। यह अवार्ड उन्हें अपनी भाषा को प्रमोट और अपने रहन-सहन को प्रमोट करने के लिए दिया गया था , उन्होंने बताया कि उनके द्वारा बनाएं वीडियो के किरदारों में उनका परिवार भी शामिल है इसमें उनकी मां और उनकी पत्नी भी काफी अहम भूमिका निभाती हैं।
पढ़ाई-लिखाई के साथ नौकरी करनी पड़ी
मैंने स्कूल टाइम में थिएटर किया है. एक्टिंग में मेरी रुचि शुरू से रही है , लेकिन हालात ऐसे थे कि मुझे पढ़ाई-लिखाई के साथ नौकरी करनी पड़ी और उस वजह से थिएटर को उतना समय नहीं दे पाया और ना ही इसमें करियर बनाने के बारे में सोचा। हालांकि समय मिलने पर मैं नुक्कड़ नाटक में एंकरिंग करता था। 13 साल के संघर्ष के बाद 2020 में जब लॉकडाउन लगा तो मैं घर लौट आया। वर्क फ्रॉम होम के दौरान मुझे खुद को समय देने का मौका मिला। तब मेरे दोस्तों, शुभम सिंघल और वैभव पाठक ने लिखने और कॉन्टेंट बनाने की सलाह दी। मेरे मामा के बेटे अभिषेक मिश्रा, साथियों अनिरुद्ध मिश्रा, राजीव गुल्लू, निर्भय शुक्ला, राघवेंद्र प्रजापति ने हर कदम पर साथ दिया. करीबी दोस्त राहुल गुप्ता ने मुझे 2 वेबसीरीज में कास्ट किया लेकिन किन्हीं वजहों से वे रिलीज नहीं हो पाईं। उस समय मेरी सबसे बड़ी चुनौती मेरे आस-पास के लोग और उनका मेरे प्रति एटिट्यूड था. मैं किसी तरह से नौकरी से समय निकालकर शूट करता था. तब पड़ोसी और अन्य लोग उस पर आपत्ति जताते थे. हालांकि अब वही लोग मेरी बहुत तारीफ करते हैं और मेरे साथ फोटोज क्लिक करवाते हैं। शुरूआती दौर में पब्लिक के सामने शूट करना बड़ी चुनौती थी।





