लखनऊ। ज्येष्ठ माह के शनिवार पर भी राजधानी के हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ दिखायी दी। सुबह से लगी कतारें देर शाम तक लगी रहीं। इस मौके पर शहर में कई जगह भंडारे भी लगाये गये। अलीगंज के नए पुराने हनुमान मंदिर और हनुमान सेतु मंदिरों घंटों श्रद्धालु लाइन में लगे रहे। हालांकि नए हनुमान मंदिर में दोपहर बाद श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई और देर रात तक लगी रही।
हनुमान सेतु मंदिर का मुख्य द्वार पर कतारें लगी रहीं। डंडइया स्थित गुलाचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर, चौक स्थित छांछीकुंआं मंदिर, हजरतगंज केदक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर, सीतापुर रोड स्थित हाथी वाले बाबा मंदिर के अलावा कल्याण गिरि मंदिर, इंदिरानगर सी-ब्लाक हनुमान मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, स्वप्नेश्वर महादेव मंदिर, बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, बारा बिरवा स्थित हनुमान मंदिर, मौनी बाबा मंदिर, आशियाना के छुआरेवाले हनुमान मंदिर, महानगर हनुमान मंदिर, शिव दुर्गा हुनमान मंदिर समेत तमाम मंदिरों में श्रृंगार के बाद दिन भर केसरीनंदन के दर्शनों को भक्त जुटे रहे।
शनिवार को सड़कों और चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। भंडारों के स्थान पर छाया की व्यवस्था की गई थी फिर भी भीड़ और गर्मी के चलते लोग परेशान नजर आए। भंडारों में प्रसाद स्वरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का वितरण किया गया। पूड़ी-सब्जी के साथ ही लौकी का कोफ्ता, छोला चावल, कढ़ी, बूंदी-बताशे, शरबत, दूध का वितरण किया गया।
हनुमान सेतु में हुई बजरंगबली की आरती :
लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में सुबह बजरंगबली की भव्य आरती हुई। जय श्री राम और पवनसुत हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। वहीं अलीगंज स्थित पुराना और नया हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। हनुमान जी को सूजी का हलवा, पूड़ी और कद्दू की सब्जी, लड्डू और गुलाबजामुन का भोग लगाया गया। साथ ही बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में बजरंगबली को मेवे का भोग लगाकर आरती उतारी गई। वहीं मेडिकईल कॉलेज स्थित छाछी कुआं मंदिर, अमीनाबाद हनुमान मंदिर, हजरतगंज स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, चौक स्थित कोतवालेश्वर मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंच कर बजरंगबली के दर्शन किए।
मंदिरों में उमड़ी भीड़, भक्तों की लगी कतार:
ज्येष्ठ माह के शनिवार पर शहर भर के मंदिरों में पूरे विधि विधान के साथ बजरंगबली का पूजन और आरती उतारी गई। शनिवार को हनुमान सेतु मन्दिर में दर्शन के लिए भक्त लाइन में लगे। इसके पूर्व रात 12 बजे से ही भक्त बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मारुतिनंदन के दर्शन के लिए कतार में लग गए। अलीगंज हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु आदि बजरंगबली के मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हनुमान जी को मीठी पूड़ी और बूंदी का भोग लगाया। भक्तों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंगबाण का पाठ कर सुख समृद्धि की कामना की।
जगह-जगह लगे भंडारे:
ज्येष्ठ माह के दूसरे शनिवार पर जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। अपनी श्रद्धा के अनुसार भक्तों ने पूड़ी सब्जी, राजमा, छोला-चावल, आम का पना, गुणधनिया, बूंदी व शर्बत का वितरण किया। पक्कापुल स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के सामने कढ़ी-चावल, बूंदी और 51 किग्रा हलवे का वितरण किया गया। परिवर्तन चौक पर समन्वय सेवा समिति के मनीष शुक्ला की ओर से लगाए गए भंडारे पर पूड़ी, सब्जी व चावल का का वितरण किया गया। बड़े बड़े पंडालों में भक्ति गीत बजते हुए शनिवार को भी प्रसाद बांटा गया। शनिवार के दिन शहर भर में जगह जगह पर भंडारे का आयोजन हुआ। गलियों से लेकर चौराहों तक भंडारों में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के ज्यादातर हिस्सों में भंडारे व प्याऊ लगाये गये। कई व्यंजनों को प्रसाद के रूप में बांटा गया जिसमें पूड़ी सब्जी सबसे प्रमुख रही। राजधानी में लाखों लोगों ने प्रसाद का ग्रहण किया। हजरतगंज, गोमती नगर, अलीगंज, पुराना लखनऊ, चारबाग हुसैनगंज व शहर के प्रमुख इलाकों समेत हर जगह पर भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया। वहीं कपूरथला चौराहे के पास पूर्वाह्न 11 बजे से पूड़ी सब्जी का वितरण शुरू हुआ तो कृष्णानगर में पूड़ी सब्जी के साथ ही बूंदी का वितरण सुबह 10 बजे से शुरू हो गया।
श्री श्याम मंदिर में शनिवार को बटा वेज पुलाव:
बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मन्दिर पर पूरे ज्येष्ठ माह श्री श्याम कृपा भंडारे के बारहवें दिन संयोजक संजय अग्रवाल पप्पू द्वारा पांच कुंटल वेज पुलाव का वितरण किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्री श्याम भक्तों ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। श्री श्याम परिवार महामंत्री रूपेश अग्रवाल ने बताया कि भंडारा प्रसाद प्रतिदिन सायं 5 बजे से 10 तक चलता हैं हर दिन विशेष प्रसाद का भोग वितरित किया जाता हैं। वहीं कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि रविवार को संजीव अग्रवाल द्वारा श्री श्याम कृपा भंडारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
शनिवार को हुआ भव्य भंडारे का आयोजन
लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट एवं प्रगति इवेंट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह द्वारा अलीशा अपार्टमेंट के प्रांगण में शनिवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों द्वारा सुंदरकांड का पाठ करके हवन एवं आरती की गई तत्पश्चात राम भक्त हनुमान जी को प्रसाद का भोग लगाकर भंडारी का आयोजन आरंभ हुआ। भारी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद ग्रहण किया गया इस अवसर पर तमाम प्रशासनिक,डॉक्टर ,पत्रकार, नेता गण, उपस्थित रहे विशेष रूप से लखनऊ प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत तिवारी मनीष कुमार साहनी उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश कोआॅपरेटिव बैंक, विवेक, सुधीर सिंह,पिंटू माधुरी वर्मा,प्रिया पाल, डॉ एसपी सिंह शाहिद तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
गूंजा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बड़ा मंगल के पावन अवसर पर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सेक्टर-25, इंदिरा नगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, भारत विकास परिषद एवं हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-25, इंदिरा नगर स्थित गेट नं. 1 पर आयोजित विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय पार्षद श्री भगवानाथ शुक्ला द्वारा भगवान श्री हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा। जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भंडारे में विभिन्न वर्गों, आयु समूहों एवं समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम निरंतर चलता रहा। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना का भी प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर पार्षद श्री भगवानाथ शुक्ला ने कहा कि बड़ा मंगल लखनऊ की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। यह उत्सव हमें सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम में डा. संतोष कुमार श्रीवास्तव, डा. अशोक कुमार सिंह, सुनीता जिन्दल, सरिता शर्मा, हर्ष वर्धन अग्रवाल, डॉ. रूपल अग्रवाल, जगदीश प्रसाद गुप्ता, महेश जायसवाल, स्मिता सिंह, एके त्रिपाठी, श्याम बिहारी, नटवर लाल खरे एवं केपी शर्मा सहित सेक्टर-25, इंदिरा नगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के निवासीगण, भारत विकास परिषद एवं हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्रवासियों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक कार्यकतार्ओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
विशाल भंडारा सफलतापूर्वक सम्पन्न
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर बड़े मंगल के उपलक्ष्य में शनिवार को 7 नं. ट्यूबवेल डबल रोड, एम.आई.एस. चौराहा, राजाजीपुरम, लखनऊ में आयोजित विशाल भंडारा श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया तथा श्री हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकतार्ओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष रूप से राष्ट्रीय कवि सौरभ श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता अंजनी श्रीवास्तव, राजीव मिश्रा, संतोष श्रीवास्तव, पार्षद शिवपाल सांवरिया, अजय दीक्षित, संतोष राय, नागेंद्र सिंह, गणेश वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ अग्रवाल, संजय जायसवाल, प्रशांत शर्मा की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में सभी कार्यकतार्ओं और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकतार्ओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।




