दो दिवसीय बंगाल कालीघाट पटचित्र कार्यशाला का शुभारंभ
लखनऊ। शनिवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कोकोरो आर्ट गैलरी में बंगाल की प्रसिद्ध लोकचित्र परंपरा कालीघाट पटचित्र पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का संचालन पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ लोकचित्रकार मनोरंजन चित्रकार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस कार्यशाला में लखनऊ, अयोध्या से लगभग 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन सत्र में प्रतिभागियों को कालीघाट पटचित्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, इसकी विशिष्ट शैली, रेखांकन, प्राकृतिक रंग, संयोजन तथा विषय-वस्तु के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कलाकार मनोरंजन चित्रकार ने प्रतिभागियों को इस पारंपरिक लोककला की बारीकियों से परिचित कराते हुए चित्र निर्माण की व्यावहारिक प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया। कार्यशाला में पहले दिन सभी प्रतिभागियों ने रेखांकन किया और रंग का प्रयोग करना सीखा। भूपेंद्र कुमार अस्थाना ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य बंगाल की समृद्ध लोकचित्र परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा कला प्रेमियों और युवा कलाकारों को भारतीय लोककलाओं की विविधता और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। दो दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में प्रतिभागी कालीघाट पटचित्र की तकनीकों का अभ्यास करते हुए स्वयं चित्रों का निर्माण करेंगे। इस अवसर पर कला प्रेमियों और प्रतिभागियों ने भारतीय लोककला परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।





