-टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 50 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जाने के निर्देश
-आरटीपीसीआर से 30, रैपिड एन्टीजन से 18-20 हजार व ट्रूनैट मशीन से 2-2.5 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जाएं
-वाराणसी, बलिया, गाजियाबाद व झांसी में सैम्पल कलेक्शन में की जाये वृद्धि
-स्वच्छता व सेनिटाइजेशन कोविड-19 के साथ-साथ वेक्टर जनित रोगों को भी रोकने में सहायक
लखनऊ। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों को सतर्क करने के साथ सलाह भी दी है कि घर या दफ्तर में भीड़ न जुटाएं। संक्रमित होने के बाद अपने तथा घर के लोगों की जांच जरूर कराएं।
कोरोना वायरस के संक्रमण पर बेहद गंभीर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने मंत्रियों को कम से कम लोगों के संपर्क में आने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वह अपने घर और दफ्तर में मिलने वालों की भीड़ जमा न करें। इसके साथ ही बेहद जरूरी होने पर ही वह फील्ड में जाएं। उन्होंने कहा कि मंत्री भी फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अपने घर और दफ्तर को पूरी तरह से सैनिटाइज कराएं।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री और भाजपा व अन्य पार्टियों के विधायक भी आ रहे हैं। बड़ी संख्या में मंत्रियों तथा विधायकों के कोरोना वायरस की चपेट में आने के कारण सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन सभी को सख्त निर्देश दिया है।
मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, धर्म सिंह सैनी, चेतन चौहान, उपेंद्र तिवारी तथा रघुराज सिंह के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को यह सख्त निर्देश दिया है। कैबिनेट मंत्री मोती सिंह का पूरा परिवार कोरोना संक्रमित हो गया था। इसके बाद तो लाइन लग गई।
कोरोना संक्रमण ने विधानसभा सचिवालय को भी चपेट में लिया है। विधानसभा अध्यक्ष के ओएसडी पंकज मिश्रा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष का एक गार्ड भी कोरोना संक्रमित मिला है। इन सबके संक्रमित पाये जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर 50 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आरटीपीसीआर से 30 हजार टेस्ट रैपिड एन्टीजन टेस्ट से 18-20 हजार तथा ट्रूनैट मशीन से 2-2.5 हजार टेस्ट प्रतिदिन किए जाएं। उन्होंने वाराणसी, बलिया, गाजियाबाद तथा झांसी में सैम्पल कलेक्शन में वृद्धि करने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने प्रत्येक शनिवार तथा रविवार को पूरे प्रदेश में स्वच्छता एवं सेनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि स्वच्छता तथा सेनिटाइजेशन का कार्य कोविड-19 के साथ-साथ वेक्टर जनित रोगों को भी रोकने में काफी सहायक है। उन्होंने स्वच्छता तथा सेनिटाइजेशन के लिए जिलावार नामित किए गए नोडल अधिकारियों को मुख्यालय से अपने-अपने प्रभारी जिले के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार से शुक्रवार तक सभी बाजार खुलेंगे। केवल कन्टेनमेंट जोन की दुकानें नहीं खुलेंगी। शनिवार तथा रविवार को बाजार बन्द रहेंगे। इस प्रकार पूरे प्रदेश में बाजारों की साप्ताहिक बन्दी शनिवार तथा रविवार को होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि साप्ताहिक बन्दी के दौरान बाजारों में स्वच्छता तथा सेनिटाइजेशन का विशेष अभियान संचालित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्विलांस टीम घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करें। संदिग्ध लक्षणों वाले लोगों की मेडिकल टेस्टिंग की जाए। जांच में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए। अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सक राउण्ड अवश्य करें। उन्होंने पुलिस बल को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए।





