रिलीज के तुरंत बाद यह गाना दर्शकों की पसंदीदा प्लेलिस्ट में जगह बनाता दिख रहा
लखनऊ। भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकीं खुशी कक्कड़ एक बार फिर अपने नए गाने ‘जानू एही लगन में’ के साथ दर्शकों के बीच धमाकेदार अंदाज में लौट आई हैं। यह गाना रिलीज के साथ ही तेजी से वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया से लेकर यूट्यूब तक दर्शकों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है। गाने की धुन, बोल और प्रेजेंटेशन प्रस्तुति ने फैंस को पहली ही बार में अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। ‘जानू एही लगन में’ में शिवानी सिंह नजर आ रही हैं, जिनकी खूबसूरत अदाएं और स्क्रीन प्रेजेंस गाने में अलग ही रंग भर रही हैं। वीडियो में उनकी परफॉर्मेंस न केवल गाने के मूड के साथ पूरी तरह फिट बैठती है, बल्कि दर्शकों को भी बांधे रखने में कामयाब रही है। गाने की विजुअल क्वालिटी, लोकेशन और डांस मूव्स इसे और ज्यादा आकर्षक बनाते हैं। यही वजह है कि रिलीज के तुरंत बाद यह गाना दर्शकों की पसंदीदा प्लेलिस्ट में जगह बनाता दिख रहा है। ‘जानू एही लगन में’ गाने को लेकर खुशी कक्कड़ ने कहा, ”जानू एही लगन में’ मेरे दिल के बेहद करीब है। इस गाने में इमोशन, मेलोडी और मनोरंजन, तीनों का खूबसूरत मेल है। मुझे पूरा भरोसा था कि दर्शकों को यह गाना जरूर पसंद आएगा। एसआरके म्यूजिक हमेशा साफ-सुथरे और अच्छे कंटेंट के लिए जाना जाता है, और इस गाने में भी वही खूबसूरती देखने को मिलेगी। दर्शकों से जो प्यार मिल रहा है, वह मेरे लिए बेहद खास है।’ गाने के बोल शुभदयाल सोहरा ने लिखे हैं, जबकि इसका म्यूजिक विकाश यादव ने तैयार किया है। वीडियो को कानू मुखर्जी और विष्णु कुमार ने कोरियोग्राफ किया है। ‘जानू एही लगन में’ को देखने के बाद यूट्यूब पर यूजर्स के काफी दिलचस्प कमेंट्स आ रहे हैं। हालांकि, कुछ का कहना है कि यह खेसारी लाल यादव के गाने की कॉपी है।