पूरी टीम ने हर कदम पर मेरा साथ दिया
लखनऊ। जल्द ही आॅल राइट टीवी पर आने वाले शो डॉन आॅफ जौनपुर सीजन 2 को लेकर शो की एक्ट्रेस रिंकू धवन ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने शो की दमदार कहानी, अपने मजबूत और बेबाक किरदार, जौनपुर की भाषा और लहजे को सीखने में आई चुनौतियों, शूटिंग के मजेदार अनुभवों और पूरी टीम से मिले सहयोग के बारे में खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि शो के एक्टर विशाल आदित्य सिंह ने उनकी बहुत मदद की।
आप डॉन आॅफ जौनपुर में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं. प्रोजेक्ट और अपने किरदार के बारे में क्या कहना चाहेंगी?
जब मुझे इस शो का ब्रीफ मिला, तभी मेरे अंदर इसे लेकर उत्सुकता जाग गई. फोन पर करीब एक घंटे तक इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत हुई। जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़नी शुरू की, तो मैंने तुरंत हमारी डायरेक्टर नंदिता मेहरा को मैसेज किया और कहा, यह तो बम है, यह तो पागलपन है। शो इतना फास्ट पेस्ड है कि कहीं भी हल्का सीन नहीं है। हर पल कुछ ना कुछ हो रहा है। हमने इसके कई सीजन किए हैं। मैंने भले पिछले सीजन में काम नहीं किया, लेकिन मैंने सभी सीजन देखे। मुझे लगा था कि आखिरी सीजन सिर्फ कहानी और हंसी-मजाक से भरा होगा, लेकिन यह तो पूरी तरह धमाकेदार निकला. मैं इसका हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं. जहां तक मेरे किरदार की बात है, तो हमेशा की तरह यह बहुत मजबूत महिला का किरदार है। वह किसी से डरती नहीं है, सामने आकर अपनी बात कहती है , यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
इस शो के लिए आपने किस तरह की तैयारी की?
मैं यह नहीं कहूंगी कि मैंने कोई फिल्में देखीं या यूट्यूब रेफरेंस लिए। मेरे एक दोस्त हैं जो भागलपुर से हैं. मैंने उनकी मां से भाषा और उच्चारण को लेकर मदद ली. पहले दिन की शूटिंग से पहले मैंने उनसे बात की और पूछा कि यह लहजा कैसे बोलना है, शब्दों का सही उच्चारण क्या होगा। विशाल सिंह ने भी मेरी बहुत मदद की। पहले दिन की रीडिंग में उन्होंने मुझे काफी सपोर्ट किया. उन्होंने मुझे सिखाया कि इस भाषा को कैसे बोलना है। भाषा मेरे लिए सबसे बड़ा चैलेंज थी, क्योंकि यह मेरी अपनी भाषा नहीं है। ऐसे में इम्प्रोवाइजेशन करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. लेकिन पूरी टीम ने हर कदम पर मेरा साथ दिया।
शूटिंग के दौरान कोई खास पल जो आपको याद हो?
शूटिंग के दौरान सबसे खास बात यही रही कि हमें सांस लेने तक का समय नहीं मिलता था। इतना तेज काम चल रहा था. हम धूप में लगातार शूट कर रहे थे और मेरा रंग तक बदल गया था। मैंने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर से भी मजाक में कहा कि यही मेरा खास पल है , लेकिन सच कहूं तो सेट पर हर दिन कुछ ना कुछ खास था।
दर्शकों को डॉन आॅफ जौनपुर में क्या खास देखने को मिलेगा?
मुझे हमेशा से अपने दर्शकों का बहुत प्यार और सपोर्ट मिला है. इस शो में भी उन्हें भरपूर एंटरटेनमेंट मिलेगा। मैं बस यही कहना चाहूंगी कि डॉन आॅफ जौनपुर को आॅल राइट टीवी पर जरूर देखें , जैसे आपने हमारे बाकी काम को प्यार दिया, वैसे ही इसे भी ढेर सारा प्यार और सपोर्ट दीजिए।





