जीवन में सफलता और अच्छे अवसरों को आकर्षित करते हैं
लखनऊ। फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर ने आज एक प्रेरणादायक और बदलाव लाने वाला सेशन, होटल सेंट्रम में आयोजित किया जिसमें प्रसिद्ध ज्योतिषी, मोटिवेशनल स्पीकर और लाइफस्टाइल कोच डॉ जय मदान ने मैनिफेस्टेशन की शक्ति और सकारात्मक सोच के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इंसान जिस चीज पर सबसे अधिक ध्यान केंद्रित करता है, वही उसके जीवन में वास्तविकता के रूप में उभरने लगती है।
जय मदान जो एक लोकप्रिय वास्तु विशेषज्ञ भी हैं, ने बताया कि मैनिफेस्टेशन केवल इच्छाएं व्यक्त करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने विचारों, भावनाओं और ऊर्जा को सही दिशा में केंद्रित करने की कला है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और स्पष्ट लक्ष्य व्यक्ति के जीवन में सफलता और अच्छे अवसरों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने मैनिफेस्टेशन का मूल नियम एक सरल अभ्यास के माध्यम से समझाया। जय मदान ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति से 5 सेकंड के भीतर अपने आसपास कोई नीली चीज खोजने के लिए कहा जाए, तो उसका पूरा ध्यान उसी रंग पर केंद्रित हो जाता है। इसके बाद यदि उससे हरी चीजों के बारे में पूछा जाए, तो संभव है कि वह उन्हें याद न कर पाए, क्योंकि उसका दिमाग केवल नीली वस्तुओं को खोजने में व्यस्त था। उन्होंने कहा कि ठीक इसी प्रकार जीवन में भी हमारा मस्तिष्क उसी दिशा में काम करता है, जिस दिशा में हम अपने विचारों और भावनाओं को केंद्रित करते हैं। यदि व्यक्ति लगातार नकारात्मकता, डर या असफलताओं पर ध्यान देता है, तो उसका दिमाग उसी प्रकार के अनुभवों को पहचानने लगता है। वहीं सकारात्मक विचार, आत्मविश्वास और अच्छे परिणामों पर ध्यान केंद्रित करने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं। जय मदान ने कहा कि मस्तिष्क हमारी मान्यताओं को सही साबित करने के लिए लगातार काम करता है। इसलिए यदि व्यक्ति यह विश्वास रखे कि उसके जीवन में अच्छी चीजें हो रही हैं और आगे भी होंगी, तो वह अपने व्यवहार और ऊर्जा के माध्यम से सकारात्मक परिस्थितियों को आकर्षित करने लगता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपने लक्ष्यों पर स्पष्ट रूप से ध्यान केंद्रित करें, सकारात्मक सोच बनाए रखें और नकारात्मक मान्यताओं से दूरी बनाएं।
फ्लो लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने बताया कि पिछले एक महीने में इस चैप्टर में 100 से ज्यादा नए सदस्य शामिल हुए हैं, जो इस समुदाय की बढ़ती ताकत और प्रभाव को दशार्ता है। कार्यक्रम का संचालन पल्लवी गुप्ता और इसकी अध्यक्षता अनीशा जैन ने की। कार्यक्रम में पूर्व चेयरपर्सन अंजू नारायण, आरुषि टंडन, वंदिता अग्रवाल और निवेदिता सिंह,मिताली ओसवाल, प्रज्ञा अग्रवाल, अदिति जग्गी रस्तोगी और वसुधा जैन सहित फ्लो 250 से अधिक सदस्य उपस्थित थे।





