राय उमानाथ बली आॅडिटोरियम में दिखेगी भारतीय शास्त्रीय, उपशास्त्रीय और फ्यूजन नृत्य की मनोरम प्रस्तुतियां
लखनऊ। नृत्य के क्षेत्र में सुपरिचित नाम नृत्य फ्रोलिक डांस एकेडमी की संस्थापिका और कथक गुरु पल्लवी प्रजापति के मार्गदर्शन में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम- ‘कलायात्रा सीजन-3’, का आयोजन शनिवार 09 मई को कैसरबाग स्थित राय उमानाथ आॅडिटोरियम में किया जा रहा है। इस वार्षिकोत्सव में एल्डिको सिटी स्थित नृत्य फ्रोलिक डांस एकेडमी के 4 से 30 वर्ष की आयु तक के जोशीले प्रतिभागी भारतीय शास्त्रीय, उपशास्त्रीय और फ्यूजन नृत्य की मनोरम प्रस्तुतियां देंगे। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कथक नृत्यांगना एवं गुरु डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. एस.पी.मिश्रा, भरत सिंह बिष्ट, आकांक्षा आनंद, लवीना जैन और लवली घिल्डियाल को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों के द्वारा प्रतिभागियों को ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और मेडल से सम्मानित भी किया जाएगा। पल्लवी प्रजापति के अनुसार कलायात्रा कार्यक्रम वास्तव में भारतीय संस्कृति की अविरल यात्रा है।





