back to top

लखनऊ में सातवें बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का सैलाब , लगा भंडारा

लखनऊ। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगल पर राजधानी पूरी तरह हनुमान भक्ति में रंगी नजर आई। सुबह होते ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अलीगंज स्थित नए और पुराने हनुमान मंदिर में तड़के चार बजे ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए, जिसके बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंजता रहा।
हनुमान सेतु मंदिर, हनुमत धाम,मौनी बाबा मंदिर, त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर, बालाजी मंदिर समेत शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर पहुंचे और हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ किया। बड़े मंगल पर इस बार पिछले दोनों मंगलों की तुलना में अधिक संख्या में भंडारों का आयोजन किया गया। शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं ने शरबत, पानी, पूड़ी-सब्जी, हलवा और प्रसाद वितरण के भंडारे लगाए। भीषण गर्मी के बावजूद लोग पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में जुटे दिखाई दिए। कहीं युवाओं की टोली राहगीरों को ठंडा पानी पिला रही थी तो कहीं महिलाएं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर रही थीं। भक्ति और सेवा का यह अद्भुत संगम राजधानी की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को भी जीवंत करता नजर आया। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। विशेष बात यह रही कि अधिकांश भंडारों में स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा गया। डिस्पोजल कचरे के लिए अलग व्यवस्था की गई और स्वयंसेवक लगातार साफ-सफाई में जुटे रहे। श्रद्धालुओं ने इसे केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का पर्व बताया।

जीवंत हुई गुड़ धनिया की परंपरा
अलीगंज के नए हनुमान मंदिर के सचिव राजेश पांडेय ने बतायापहले मंगल से गुड़ धनिया वितरण की सदियों पुरानी परंपरा एक बार फिर जीवन हुई सातवें बड़े मंगल पर दर्शन के आने वाले श्रद्धालुओं को गुड़ धनिया का वितरण किया गया। पुराने हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं ने पूजन के साथ ही प्रसाद वितरण का सिलसिला शुरू कर दिया था। पक्का पुल के मरी माता मंदिर के सामने पुजारी श्री राम के संयोजन में प्रसाद वितरण किया गया।

सोने-चांदी से शृंगार, बंटा छप्पन भोग:

तालकटोरा के एवरेडी चौराहे स्थित बालाजी हनुमान मंदिर में संकटमोचन का सोने और चांदी के बर्क से श्रृंगार किया गया। मंदिर के महंत रमेश द्विवेदी भक्तों ने भजन संध्या में बाबा का गुणगान किया। अभिषेक श्रृंगार के बाद यहां डीएन अवस्थी के सानिध्य में भगवान को सवा मनी का भोग लगाया गया और फिर उसका वितरण किया गया। अमीनाबाद स्थित हनुमान मंदिर में भी विशेष हवन.पूजन किया गया। हर ओर भंडारों की धूम रही।

सुबह 4 बजे हुई मंगला आरती:

लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में दूसरे बड़े मंगल पर सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ मंदिर के कपाट खोल दिये गये। भक्तों को प्रसाद वितरित करने के लिए भारी तादाद में लड्डू बनाया गया था। भक्त रात 12 बजे तक लगातार दर्शन करने पहुंचते रहे। सुबह 6 बजे और रात 8 बजे विशेष आरती का आयोजन किया गया।

कोनेश्वर महादेव मंदिर :

चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर में सुबह और शाम बजरंगबली की आरती हुई। सुबह पांच बजे से ही भक्त बजरगंबली के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। बजरंगबली को 101 किलो बूंदी का भोग लगाया गया। कोनेश्वर महादेव प्रबंधक कमेटी के मंत्री अनिल कपूर ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर के बाहर भण्डारे का आयोजन हुआ। सुबह से लेकर शाम तक सब्जी पूड़ी का प्रसाद बांटा गया। शाम को भजन मण्डली की ओर से सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ।

अलीगंज नया हनुमान मंदिरमें 36 घण्टे लगातार भक्तों ने किए दर्शन:

अलीगंज हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। दिन भर में 11 बार चोला बदला गया। सोमवार दिन में 12 बजे मंदिर का खुला कपाट मंगलवार रात 12 बजे बंद हुआ। 36 घण्टे लगातार भक्तों ने दर्शन किए। मंदिर के कार्यालय अधीक्षक राकेश दीक्षित ने बताया कि बजरंगबली को 2.5 कुंतल लड्डू, एक हजार कालाजाम, सब्जी-पूड़ी और हलवा का भोग लगाया गया। मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रभु के दरबार पहुंचकर हाजिरी लगाई।

शहर में जगह-जगह लगे भंडारे, भक्तों ने चखा प्रसाद
राजधानी में जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया। जहां पूड़ी-सब्जी, छोला-पूड़ी, छोला-चावल, बूंदी, कोल्ड ड्रिंक, शर्बत समेत अन्य चीजें बतौर प्रसाद वितरित की गईं। धूप और गर्मी के बावजूद भंडारों पर लोगों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। इस दौरान हर समुदाय के लोगों ने भंडारों का आनंद लिया। राजधानी में बड़ा मंगलवार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस बार ज्येष्ठ माह का सातवां मंगलवार था। हिंदू पंचांग के अनुसार हर साल ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार को बुढ़वा या फिर बड़ा मंगल के नाम से जाना जाता है। कहा जाता है कि राजधानी में आज के दिन कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहता है। शहर के हनुमान मंदिरों में सुबह से लोग दर्शन करने को पहुंचे. इसके साथ साथ कई जगहों पर भजन-कीर्तन व सुंदर कांड के पाठ का भी आयोजन हुआ। बड़ा मंगल के दिन भगवान हनुमान की पूजा विधि-विधान से की जाती है. बजरंगबली की पूजा करने से हर तरह के दुखों का नाश हो जाता है. मान्यता है कि बड़ा मंगल के बजरंगबली की विधिवत तरीके से पूजा करने से मंत्रों का जाप करना चाहिए. मंगलवार को शहर में प्रशासन की ओर से 44 से अधिक भंडारे आयोजित हुए. साथ ही लोगों ने निजी तौर पर भी भंडारे का आयोजन किया.वहीं यहियागंज, राजाजीपुरम, आलमबाग, ऐशबाग, अमीनाबाद, हजरतगंज समेत तमाम इलाकों में सब्जी पूड़ी, आइसक्रीम, ठंडाई, छोला भटूरा, मिठाई प्रसाद के रूप में बांटी गई. भंडारा आयोजन कराने वाले सदस्यों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है. इस भंडारे में प्रसाद को ग्रहण करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही आ रहे हैं।

विशाल भंडारा आयोजित,हजारों श्रद्धालुओं ने चखा प्रसाद

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को माल थाने के सामने विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा बजरंगबली के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजनकतार्ओं ने श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी, बूंदी एवं शरबत का प्रसाद वितरित किया। सुबह से शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें राहगीरों, स्थानीय लोगों एवं भक्तों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। भंडारे का आयोजन बीनू राठौर, सुशील राठौर, श्रीराम रावत, छगा, रोहित राठौर एवं महादेव सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजनकतार्ओं ने बताया कि बड़े मंगल पर भंडारे की परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसका उद्देश्य जनसेवा एवं धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना है। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

झलकारी बाई महिला चिकित्सालय में भव्य भंडारा

लखनऊ। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगल के शुभ अवसर पर आज हजरतगंज स्थित झलकारी बाई महिला चिकित्सालय में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन परम भक्त श्री धीरू तिवारी द्वारा श्रद्धालुओं और सेवा भाव को समर्पित करते हुए आयोजित किया गया था। इस पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक एवं लखनऊ पूर्वी क्षेत्र के विधायक ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों जनप्रतिधियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं और आम जनता को प्रसाद वितरित किया। भंडारे में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। अस्पताल में आने वाले मरीजों के तीमारदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।

संचिता बसु और धवल ठाकुर ने की श्री श्याम मंदिर में सेवा

लखनऊ। जियोहॉटस्टार पर 19 जून को रिलीज होने जा रही ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2 के प्रचार अभियान के तहत शो के मुख्य कलाकार संचिता बसु और धवल ठाकुर विभिन्न शहरों में दर्शकों से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में दोनों कलाकार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने श्री श्याम मंदिर, बिरबल साहनी मार्ग में चल रहे श्री बालाजी महाराज भोग प्रसाद भंडारा में सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ आस्था एवं सेवा के इस विशेष आयोजन का हिस्सा बने। प्रवक्ता अनुराग साहू ने बताया कि दोनों कलाकारों ने श्रद्धालुओं के बीच लंगर वितरण किया, मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और वहां उपस्थित लोगों से मुलाकात कर सेवा भाव का अनुभव साझा किया। सीरीज की मुख्य अभिनेत्री संचिता बसु ने कहा, भंडारे का हिस्सा बनना और श्रद्धालुओं को प्रसाद परोसना मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा। यहां के लोगों की आस्था और स्नेह ने इस यात्रा को मेरे लिए बहुत खास बना दिया। सीरीज के मुख्य अभिनेता धवल ठाकुर ने कहा, श्री श्याम मंदिर आने और इस पुण्य पहल में योगदान देने का अवसर पाकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं। सेवा और एकजुटता के ऐसे पल हमेशा प्रेरित करते हैं और जीवन में कृतज्ञता का भाव जगाते हैं। यह यात्रा कलाकारों के लिए स्थानीय समुदाय से जुड़ने का एक सार्थक अवसर साबित हुई, जहां उन्होंने भक्ति, एकता और निस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों का उत्सव मनाया, जिन्हें मंदिर का यह भंडारा निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

संगीतमय सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ संग भंडारा
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार के अवसर पर लाला लाजपत राय वार्ड के पार्षद राघवराम तिवारी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ हनुमान चालीसा और भंडारा आयोजित किया गया। कुर्सी रोड पर आयोजित भंडारे में भक्तों को पूड़ी सब्जी, छोला चावल, बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य व पूर्व डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा, विधायक डा. नीरज बोरा, भाजपा एमएलसी संतोष सिंह व मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल के अलावा राम प्रसाद यादव, अभय मिश्रा, राम गोपाल, डीएन पाण्डेय, हनुमान प्रसाद श्रीवास्तव, दिनेश अग्रवाल सहित काफी संख्या में भक्त मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

सातवां बड़ा मंगल आज, हनुमान जी के शृंगार के साथ लगेगा विशेष भोग

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल पर श्री हनुमान जी के मंदिरों में विशेष दर्शन-पूजन किया जाएगा। बजरंगबली का अनुपम शृंगार किया जाएगा।...

सोमवती अमावस्या पर महिलाओं ने व्रत रख पीपल वृक्ष के लगाए फेरे

लखनऊ। अमावस्या पर सोमवार को महिलाओं ने अपने पति के लंबे उम्र के लिए व्रत रखा। पीपल वृक्ष के नीचे पहुंची महिलाओं ने वृक्ष...

शुभ संयोग में सोमवती अमावस्या का व्रत आज

लखनऊ। हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि को बेहद पवित्र और प्रभावशाली दिन माना जाता है, लेकिन जून में पड़ने वाली अमावस्या बेहद खास मानी...

विहसंत सागर जी का आशियाना जैन मंदिर में मंगल प्रवेश

1000 किमी की पदयात्रा कर लखनऊ पहुंचे मेडिटेशन गुरु काकोरी में 24 जून से शुरू होगा पंचकल्याणक महोत्सवलखनऊ। परम पूज्य उपाध्याय रत्न एवं मेडिटेशन गुरु...

कलर्स आफ अयोध्या में राम दर्शन की महिमा को दर्शाया

अखिल भारतीय कला शिविर कलर्स आफ अयोध्यालखनऊ। कला दीर्घा अंतरराष्ट्रीय दृश्य कला पत्रिका एवं जेबीएनएसएस, अयोध्या द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित अखिल भारतीय कला...

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में कुलदीप और जायसवाल को मिल सकता है मौका

लखनऊ। भारतीय टीम प्रबंधन अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संयोजनों को आजमाना चाहता है और इसलिए...

राहुल गांधी ने ट्रेन में युवक की मौत को लेकर सरकार पर निशाना साधा, रेलवे ने कहा- अफवाह न फैलाएं

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्रेन में एक युवक की कथित तौर पर मौत से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए...

विश्व कप में ऐतिहासिक पदार्पण के बाद जश्न में डूबा केप वर्दे

प्राइया (केप वर्दे)। विश्व कप में ऐतिहासिक पदार्पण करके यूरोपीय चैम्पियन स्पेन को ड्रॉ पर रोकने के बाद केप वर्दे में टीम के प्रशंसक...

B-52 बॉम्बर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश, 8 जवानों की मौत 

दक्षिणी कैलिफोर्निया। अमेरिका से एक भीषण विमान हादसे की खबर सामने आई है। अमेरिकी वायु सेना का B-52 बॉम्बर विमान दक्षिणी कैलिफोर्निया के एक...