दर्शकों का प्यार ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है : जमील खान
लखनऊ। टीवीएफ की लोकप्रिय वेब सीरीज गुल्लक का पांचवां सीजन दर्शकों के बीच आ चुका है। सालों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली इस पारिवारिक सीरीज ने एक बार फिर अपने नए सीजन के साथ वापसी की है। हाल ही में गुल्लक 5 के कलाकार जमील खान, अनंत वी. जोशी , हेली शाह और हर्ष मायर ने शो से जुड़ी यादें, नए किरदारों की चुनौतियां, सोशल मीडिया पर हो रही चचार्ओं और दर्शकों के प्यार पर खुलकर बात की , पेश हैं इस खास बातचीत के मुख्य अंश….।
सोशल मीडिया पर नए कलाकार की एंट्री को लेकर काफी चर्चा हो रही है. लोग पुराने किरदार को मिस कर रहे हैं. आप इसे कैसे देखते हैं?
अनंत जोशी: मुझे लगता है कि मुझे एक शानदार टीम के साथ काम करने का मौका मिला है और मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं. एक अभिनेता के लिए अलग-अलग तरह के दर्शकों तक पहुंचना बेहद जरूरी होता है. गुल्लक का दर्शक वर्ग बहुत बड़ा है, इसलिए इसका हिस्सा बनना मेरे लिए एक अतिरिक्त अवसर है. मैंने इस किरदार के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम किया है. मेरी बस यही उम्मीद है कि दर्शक सीजन 5 को भी उतना ही प्यार दें, जितना उन्होंने पिछले सीजन्स को दिया है।
आप एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं जिसे दर्शक पहले से पसंद करते हैं. ऐसे में क्या दर्शकों की उम्मीदों और तुलना का दबाव महसूस होता है?
जमील खान: दबाव तो सिर्फ अच्छा काम करने का होता है. हर बार आपको अपने पिछले काम से बेहतर करना होता है. लेकिन गुल्लक की सबसे बड़ी ताकत इसकी शानदार लेखनी और इसकी बेहतरीन टीम है. टीवीएफ और सोनी लिव ने हमेशा हमें एक मजबूत मंच दिया है. दर्शकों को लगता था कि शायद हर नए सीजन के साथ शो का स्तर कम होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इसका पूरा श्रेय शो के क्रिएटर्स, लेखकों और पूरी टीम को जाता है. मैं तो यही दुआ करूंगा कि यह सफर सीजन 6 से आगे बढ़कर 60वें सीजन तक पहुंचे।
गुल्लक के पांचवें सीजन का हिस्सा बनना आपके लिए कितना खास रहा? इस शो से जुड़कर आपको कैसा लगा?
हेली शाह: मेरे लिए गुल्लक का हिस्सा बनना बेहद खास अनुभव रहा है. मेरी एंट्री चौथे सीजन में हुई थी और अब पांचवें सीजन के साथ यह सफर आगे बढ़ रहा है. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे इतनी प्रतिभाशाली और मेहनती टीम के साथ काम करने का मौका मिला. यहां हर व्यक्ति अपने काम को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करता है, और यही बात इस शो को सबसे अलग बनाती है।
इस सफर को आप कैसे देखते हैं? क्या आपके लिए यह एक खास पड़ाव है?
जमील खान: गैंग्स आॅफ वासेपुर अपने आप में एक अलग और यादगार फिल्म है, जिसे आज भी दर्शक उतना ही प्यार देते हैं. मुझे खुशी है कि मैं इसके दोनों पार्ट्स का हिस्सा रहा. इतने चर्चित और सफल प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए हमेशा गर्व की बात रहेगी. वहीं गुल्लक की दुनिया उससे पूरी तरह अलग है. गुल्लक एक ऐसा शो है, जिसे 2019 से लेकर आज तक दर्शकों का लगातार प्यार मिलता रहा है. सबसे खास बात यह है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी लोग इसके हर नए सीजन का बेसब्री से इंतजार करते हैं.गुल्लक सिर्फ एक वेब सीरीज नहीं है, बल्कि लोगों के परिवार का हिस्सा बन चुकी है. दर्शकों का जो प्यार और अपनापन इस शो को मिलता है, वही इसकी सबसे बड़ी ताकत है. मैं दिल से यही दुआ करता हूं कि यह सफर आगे भी इसी तरह चलता रहे और आने वाले सीजन भी दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाते रहें।
जब आपको पता चला कि आप इतने लोकप्रिय किरदार को निभाने वाले हैं, तब क्या घबराहट हुई थी?
अनंत जोशी: सच कहूं तो मैंने निराशा या तुलना के बारे में ज्यादा नहीं सोचा. मैं सिर्फ इस बात से खुश था कि टीवीएफ ने मुझ पर इतना भरोसा किया. मेरा पूरा ध्यान इस जिम्मेदारी को अच्छे से निभाने पर था. जाहिर है कि पहले जिस कलाकार (वैभव राज गुप्ता) ने यह किरदार निभाया, उसने बेहतरीन काम किया था और दर्शक उसे याद करेंगे. लेकिन मेरी कोशिश थी कि दर्शक मेरे काम को भी याद रखें।
हेली शाह: यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है. जब कोई किरदार चार सीजन तक दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहा हो, तो उसे आगे निभाना आसान नहीं होता. लेकिन अनंत ने इसे बिना किसी दबाव के बहुत अच्छे तरीके से निभाया है. पूरी यूनिट इस बात की गवाह है. अब जो काम सामने आया है, उसकी सराहना होनी चाहिए।
क्या आपने असल जिन्दगी में अपने किरदार संतोष मिश्रा से कुछ सीखा है?
जमील खान: मैं मानता हूं कि हर अभिनेता अपने किरदार से कुछ न कुछ सीखता है. मैंने भी संतोष मिश्रा से बहुत कुछ सीखा है. कई बार मुझे लगता है कि संतोष मिश्रा और जमील खान में काफी समानताएं हैं. यही वजह है कि इस किरदार को निभाना मेरे लिए हमेशा एक खास अनुभव रहा है।
इस बार दर्शकों को नए समीकरण और आपकी अनंत जोशी के साथ नई बॉन्डिंग देखने को मिलेगी. क्या कहना चाहेंगे?
हर्ष मायर : दर्शकों ने पहले भी हमारे रिश्तों और किरदारों को बहुत प्यार दिया है. इस बार भी एक नई केमिस्ट्री देखने को मिलेगी. हमने इसे पूरे प्यार और मेहनत से बनाया है. अब फैसला दर्शकों के हाथ में है कि उन्हें यह कितना पसंद आता है।
सोशल मीडिया पर तुलना होना क्या आपको प्रभावित करता है?
अनंत जोशी: नहीं, बिल्कुल नहीं. यह बहुत स्वाभाविक प्रक्रिया है. गुल्लक सिर्फ एक शो नहीं है, यह लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है. दर्शक खुद को इन किरदारों में देखते हैं. इसलिए जब कोई बदलाव होता है तो प्रतिक्रिया आना स्वाभाविक है. लेकिन मुझे भरोसा है कि जब लोग पूरी कहानी देखेंगे तो वे इस सफर से जुड़ जाएंगे।
जमील खान: मेरे हिसाब से गुल्लक किसी एक किरदार की कहानी नहीं है. यह अपने आप में एक मास्टरपीस है. लोग इसे एक परिवार और एक पूरी दुनिया के रूप में देखते हैं. यही इसकी असली ताकत है।
अपने दर्शकों को आप सभी क्या मैसेज देना चाहेंगे?
हर्ष मायर : हम बस यही कहना चाहेंगे कि जिस तरह आपने अब तक गुल्लक को प्यार दिया है, उसी तरह इस नए सीजन को भी अपनाइए. हमने इसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से बनाया है।
जमील खान: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी के पास अपनी परेशानियां हैं. गुल्लक ऐसा शो है जो चेहरे पर मुस्कान लाता है और कुछ समय के लिए आपकी चिंताओं को हल्का कर देता है. इसलिए इसे जरूर देखिए और अपने परिवार के साथ इसका आनंद लीजिए।





