एंटरटेनमेंट, ह्यूमर, सस्पेंस के साथ और भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा
लखनऊ। अगर आप ये सोचकर द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो देखने जा रहे हैं कि- ये तो बच्चों की फिल्म है, इसमें क्या ही मजा आएगा तो आप गलत हो सकते हैं। इस फिल्म में आपको एंटरटेनमेंट, ह्यूमर, सस्पेंस के साथ और भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा। खास बात ये है कि फिल्म आपको एंटरटेनमेंट के अलावा बहुत कुछ सिखाएगी भी। लेकिन ऐसी कौन सी चीजें हैं, जहां ये फिल्म पीछे रह जाती है। द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो फिल्म की कहानी दीपू (मिहिर गोडबोले) और उसके दादा (जैकी श्रॉफ) के इर्द-गिर्द घूमती है। पिता का ट्रांसफर होने के बाद दीपू नए स्कूल में एडमिशन लेता है, जहां वो अपने दोस्तों को बताता है कि उसके दादा सुपरहीरो हैं और वो एलियन्स से लड़ते हैं। वो कहता है कि उसके दादा ने कई बार एलियन्स से लड़कर दुनिया को बचाया है। दीपू की इस बात पर उसके कुछ दोस्त यकीन कर लेते हैं, जबकि कुछ दोस्त इसे झूठा मानकर उनका पदार्फाश करने की कोशिश करते हैं। फिल्म में जैकी श्रॉफ पूरी तरह दादा की फील देते हैं, जो अपने पोते की खुशी के लिए सबकुछ करता है। एक्टिंग के मामले में उन्होंने अपने पार्ट को बहुत अच्छे से निभाया है। जैकी, इमोशनल और कॉमिक रोल- दोनों में फिट नजर आते हैं। दीपू के किरदार में मिहिर गोडबोले काफी प्यारे नजर आते हैं। वे फिल्म में मासूमियत और स्मार्टनेस दोनों फैक्टर पेश करते हैं। शुरूआत से लेकर आखिर तक, ऐसा लगता है कि मिहिर अपने किरदार में इतना फिट हैं कि वे भी आपको एक कहानी को चलाने वाले हीरो की तरह लगेंगे। लड्डू के रोल में शिवांश चोर्गे फिल्म में जान डाल देते हैं। वे आपको इंटरटेन करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आप कह सकते हैं कि फिल्म में एंटरटेनमेंट और ह्यूमर का डिपार्टमेंट इन्होंने संभाला हुआ है। प्रतीक स्मिता पाटिल स्क्रीन पर कम समय के लिए नजर आते हैं, लेकिन वे अपने विलेन के किरदार को बखूबी निभाते हैं। फिल्म में भाग्यश्री पटवर्धन का भी कैमियो रोल है, जिसे वो अच्छी तरह से निभाती हैं। द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो फिल्म लगभग आपको आखिर तक बांधे रखेगी, और लगभग इसलिए क्योंकि फिल्म के शुरूआती सस्पेंस के मुकाबले इसका अंत ढीला पड़ जाता है, जो और बेहतर सिनमैटिक और अच्छे एक्शन से भरा हो सकता था। फिल्म के बीच-बीच हल्की-फुल्की कॉमेडी आपको हंसाती रहेगी, लेकिन इसी बीच कहीं-कहीं पर स्टोरी थोड़ी फीकी नजर आएगी, जो बीच में थोड़ी बोरियत लाती है। किरदार और एक्टिंग के मामले में फिल्म में कोई कमी नहीं है। लेकिन शुरूआत से चला आ रहा सस्पेंस कुछ ऐसे खत्म होगा, जिसे देखकर आपको थोड़ी निराशा होगी। फिल्म की थीम जो एलियन्स और सुपरहीरो के इर्द-गिर्द घूमती है, ऐसी फिल्म में बेहतर वीएफएक्स और सिनमैटिक अनुभव की कमी आपको खलेगी। द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो फिल्म में सस्पेंस, एंटरटेनमेंट और अच्छी कहानी है, जो आखिर में आपको, और आपके बच्चों को एक अच्छी सीख देगी। ये फिल्म केवल बच्चों को ही नहीं, बल्कि बड़ों को भी एंटरटेन करेगी। बीच-बीच में आपको कॉमेडी और हल्का ह्यूमर देखने को मिलेगा, जो आपको फिल्म से बांधे रखेगा। अगर आप ये सोचकर जाएंगे, कि ये फिल्म किसी बड़ी एक्शन-वीएफएक्स मूवी की तरह होगी, तो ये आपको निराश कर सकती है। लेकिन अगर आप एंटरटेनमेंट के लिए इसे देखने जाएंगे, तो आपको फिल्म में मजा आएगा।
कलाकार-जैकी श्रॉफ , मिहिर गोडबोले , शिवांश चोर्गे , भाग्यश्री
निर्देशक-मनीष सैनी
3/5





