नयी दिल्ली। वैश्विक बाजारों में तेज गिरावट से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत शुक्रवार को 16,352 रुपये घटकर 2.74 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। यह गिरावट अमेरिका में बढ़ती मुद्रास्फीति चिंताओं और फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार के बीच आई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर जुलाई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 16,352 रुपये या 5.62 प्रतिशत टूटकर 2,74,750 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
इसमें 7,908 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों का कहना है कि मजबूत डॉलर, अमेरिकी कोष बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि और कीमती धातुओं के पूरे समूह में व्यापक कमजोरी ने चांदी की कीमतों पर दबाव डाला। वैश्विक बाजारों में, न्यूयॉर्क में जुलाई अनुबंध के लिए कॉमेक्स चांदी की वायदा कीमत 6.42 अमेरिकी डॉलर या 7.52 प्रतिशत टूटकर 78.90 डॉलर प्रति औंस रह गई।





