भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में 12 वर्ष पूर्ण होने पर
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं आॅल इंडिया सिख पंजाबी वेलफेयर काउंसिल द्वारा गुरुद्वारा सदर, लखनऊ में विशेष अरदास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की उन्नति, समृद्धि, राष्ट्रीय एकता एवं निरंतर विकास के लिए परमात्मा से प्रार्थना की गई।
लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं आॅल इंडिया सिख पंजाबी वेलफेयर काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह जग्गी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि संगत द्वारा अरदास कर परमात्मा से प्रार्थना की गई है कि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे तथा राष्ट्रहित में कार्य करने वाली शक्तियों को बल प्राप्त हो।
लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार राजेन्द्र सिंह बग्गा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सिख इतिहास, सिख गुरुओं की शिक्षाओं तथा सिख समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इससे सिख समाज में सम्मान एवं विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है।
पूर्व पार्षद सरदार लखविंदर पाल सिंह घई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है, जिसके लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है। इस अवसर पर सिख समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संगत के सदस्य उपस्थित रहे तथा देश की खुशहाली, प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अरदास में सम्मिलित हुए।





