लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौ वर्षों के कार्यकाल, उनकी कार्यशैली, सुशासन मॉडल और विकास यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘युग पुरुष योगी-एक विश्वास’ का रविवार को राजधानी के आलमबाग स्थित गुरुद्वारा परिसर में भव्य विमोचन किया गया। केंद्रीय सिंह सभा समिति के तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने पुस्तक का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर अवनीश अवस्थी ने कहा कि पुस्तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपलब्धियों, जनसेवा और प्रशासनिक दृष्टिकोण का सटीक एवं प्रेरणादायी दस्तावेज है। उन्होंने पुस्तक के लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद जाहिद अख्तर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के जीवन, निर्णय क्षमता, कार्यशैली और जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल मुख्यमंत्री की विकास यात्रा का वर्णन नहीं करती, बल्कि युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। अवस्थी ने घोषणा की कि वह स्वयं यह पुस्तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अवनीश अवस्थी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपनी माता उषा अवस्थी के नाम पर पौधारोपण किया और उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
केंद्रीय सिंह सभा समिति, आलमबाग के अध्यक्ष सरदार निर्मल सिंह ने कहा कि सिख समाज के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पर लिखी गई पुस्तक का विमोचन गुरुद्वारा परिसर में हुआ। उन्होंने कहा कि पुस्तक में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विकास और सिख समाज के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया है।
वहीं श्री सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार कृपाल सिंह ऐबट ने पुस्तक को मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच और विकास दृष्टि का प्रतिबिंब बताया। प्रसिद्ध यूनानी चिकित्सक डॉ. एस. अहमद ने पुस्तक की भाषा, विषय-वस्तु और प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे आम पाठकों के लिए भी उपयोगी बताया।
पुस्तक के लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद जाहिद अख्तर ने कहा कि ‘युग पुरुष योगी-एक विश्वास’ उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए परिवर्तन, सुशासन, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक दस्तावेज है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक विशेष रूप से युवाओं, शोधार्थियों और उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल को समझने के इच्छुक पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। समारोह में समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





