लखनऊ। प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्री मनकामेश्वर मंदिर के तत्वावधान में, पवित्र सावन (सावनी) मास एवं आगामी रक्षाबंधन के पावन पर्व के उल्लासपूर्ण माहौल के बीच आज शाम पवन घाट पर माँ गोमती की भव्य और अलौकिक संध्या आरती सफलतापूर्वक संपन्न हुई। श्री मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरी जी महाराज के दिव्य सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालु सम्मिलित हुए। सावन (सावनी) मास की आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत आज की गोमती आरती की मुख्य विशेषता यह रही कि इसका आयोजन कुल 11 वेदियों से भव्य रूप में किया गया। गौरजा गिरी जी के पावन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई इस आरती में महंत देव्या गिरी जी महाराज स्वयं एक मुख्य वेदी पर उपस्थित रहीं, जबकि 10 अन्य वेदियों पर अन्य लोगों द्वारा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रों की गूंज और लाखों-हजारों दीपों की जगमगाहट से पूरा पवन घाट आलोकित हो उठा, जिससे गोमती तट का वातावरण पूरी तरह से दिव्य और ऊजार्वान हो गया।
गोमती तट पर आस्था का भव्य संगम, 501 दीपों से जगमगाया घाट
लखनऊ। झूलेलाल वाटिका, गोमती तट पर सनातन महासभा द्वारा 155वीं आदि गंगा माँ गोमती महाआरती का भव्य आयोजन गुरुवार को किया गया। श्रावण और रक्षाबंधन पूर्णिमा पर हुए इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु उमड़े। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रवीण की अगुवाई में हुए इस आयोजन में स्वामी आनंद नारायण के सानिध्य में सात मंचों से एक साथ शंखनाद और सात आचार्यों द्वारा महाआरती की गई। आरती के बाद 501 दीपों से गोमती तट दीपावली जैसा जगमगा उठा। इस दौरान पर्यावरण रक्षा के लिए वृक्षों को रक्षासूत्र बांधा गया और गोमती में रक्षासूत्र प्रवाहित किया गया। स्वस्थ जीवन के लिए पार्थिव शिवलिंग पर सामूहिक रुद्राभिषेक भी किया गया। भजन गायिका शशि गुप्ता, मीरा तिवारी और कथक कलाकार शुभम की प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रवि कचरू, एडवोकेट दीपक सिंह, उमेश त्रिपाठी, सुधांशु शुक्ला, पल्लवी सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।





