नई दिल्ली। वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक घटनाओं का असर अब सीधे तौर पर कीमती धातुओं के बाजार पर देखने को मिल रहा है। इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन सप्ताह का समापन गिरावट के साथ हुआ। नतीजतन, सोना करीब 1,000 रुपये और चांदी 2,000 रुपये से अधिक सस्ती हो गई।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 1,257 रुपये घटकर 1,56,463 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है, जो इससे पहले 1,58,720 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
इसी तरह, 22 कैरेट सोना घटकर 1,43,320 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जबकि पहले इसकी कीमत 1,44,835 रुपये थी। 18 कैरेट सोने का भाव भी कम होकर 1,17,347 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जो पहले 1,18,588 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इस सप्ताह सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 27 मई को सोना 1,56,072 रुपये प्रति 10 ग्राम के न्यूनतम स्तर पर पहुंचा, जबकि 25 मई को यह 1,58,857 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर था।
इसे भी पढ़ें : सोने और चांदी के दामों में आयी बड़ी गिरावट, जानें आज के भाव
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी का भाव 2,650 रुपये गिरकर 2,63,350 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है, जो पहले 2,66,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस हफ्ते चांदी का न्यूनतम भाव 27 मई को 2,60,917 रुपये प्रति किलो रहा, जबकि 25 मई को यह 2,71,100 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतों में दबाव देखा गया है। सोना करीब 4,600 डॉलर प्रति औंस और चांदी लगभग 76 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी हुई है।विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती महंगाई की आशंका, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते बाजार में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है।
हालांकि, लंबी अवधि में कीमती धातुओं ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। बीते एक साल में डॉलर के हिसाब से सोने ने 37 प्रतिशत से अधिक और चांदी ने 127 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है, जो निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।





