उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जनसमस्याओं को लेकर बैठक
लखनऊ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लखनऊ वासियों को जलभराव, गन्दगी, टूटी सड़कों, गड्ढों और जर्जर तारों का सामना न करना पड़े, इसके लिए निगम के विकास कार्यों को युद्धस्तर पर निष्पादित किया जाये और शहर के नाले-नालियों की समुचित सफाई करायी जाये जिससे बरसात में जलभराव की समस्या न हो। शहर में कूड़ा उठान और साफ-सफाई नियमित करायी जाय, जिससे लोगों को गन्दगी का सामना न करना पड़े।
उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर आयुक्त को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राजधानी में लोगों को जरूरी सुविधाएं मिले इसके लिए विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर कराएं। उन्होंने कहा कि बरसात में जलभराव, टूटी सड़कों, गड्ढों व स्ट्रीट लाईट की खराबी के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी होती हैं, साथ ही दुर्घटनाओं का शिकार भी होना पड़ता है। इससे जन-धन दोनों का नुकसान होता है। श्री पाठक ने कहा कि बरसात में जल-जमाव एवं गन्दगी से संक्रामक रोगों व मच्छर जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, लोगों को इससे बचाने के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाय। जल-जमाव वाले क्षेत्रों, नाले-नालियों में एन्टी लार्वा का छिड़काव एवं रिहायसी इलाको में नियमित फागिंग करायी जाय। जहाँ आवश्यक हो वहां चूना व ब्लीचिंग पावडर का भी प्रयोग किया जाय।
उन्होंने जल निगम के आधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर व वाटर सप्लाई पाइप बिछाने के लिए खोदी गयी सड़कों को तत्काल ठीक करें। सड़कों का मानक के अनुरूप पुनर्निर्माण कराये। जल भराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पम्प लगाकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। शहर के सभी पम्पिंग स्टेशनों को क्रियाशील रखें। उन्होंने निगम अधिकारियों को जन-प्रतिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा उनके सुझावों पर अमल करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी, जन-प्रतिनिधियों के सम्पर्क में रहे और उनसे संवाद स्थापित कर जनता की समस्याओं का तत्काल सामाधान करें।
नियमित साफ-सफाई, कूड़ा उठान की करें व्यवस्था
उन्होंने कहा कि बरसात व आंधी-तुफान में पेड़ों के गिरने की घटनाओं का तत्काल संज्ञान लिया जाये। कैन्ट क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों तथा विभिन्न वार्डोें के पार्षदों की ओर से उठायी गयी समस्याओं को सुना तथा उनके शीघ्र निस्तारण के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये। इस दौरान प्रमुख रूप से बाबूगंज, गीतापल्ली, ओमनगर, कुंजबिहारी वार्ड, गुरुनानक नगर वार्ड, चित्रगुप्त वार्ड, रामजीलाल वार्ड इत्यादि में सीवर कार्य पूर्ण न होने, नालों में गंदा पानी आने, नालियों के टूटे होने आदि की शिकायतों व समस्याओं को सुनकर इन क्षेत्रों में गन्दगी, जलभराव दूर करने के लिए त्वरित प्रभावी कदम उठाने निर्देश दिये।





