लखनऊ । लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार को गोसाईंगंज में अभियान चलाकर लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 03 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। वहीं, अलीगंज, मड़ियांव व सैरपुर थानाक्षेत्र में नियमों के विपरीत किये जा रहे 05 अवैध निर्माण सील किये गये। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि अलीगंज, मड़ियांव व सैरपुर थानक्षेत्र में अभियान चलाया गया।
इस दौरान डॉ चन्द्रसेन वर्मा, संजय गुप्ता, जयकरन, मोहम्मद अहमद, बालक राम व अन्य की ओर से किये जा रहे 05 अवैध निमार्णों को सील किया गया। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोसाईंगंज के ग्राम-मंगहुवा में अभियान चलाया गया। इस दौरान जंग बहादुर, देवेश मिश्रा, रामदेव प्रधान, डिम्पल व अन्य की ओर से लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 03 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।





