मुंबई। साउथ सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आने वाली स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ के प्रमोशन में बिजी हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राम चरण और एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर शामिल हुए, जहां राम चरण ने पिछले साल 11 अक्टूबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई अपनी मुलाकात का एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया। एक्टर ने बताया कि जब पीएम मोदी ने उनसे फिल्म ‘पेड्डी’ की कहानी के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि यह फिल्म ‘विकसित भारत’ और हमारे गांवों को सशक्त बनाने के विचार पर आधारित है।
इस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें पश्चिम बंगाल का एक उदाहरण देते हुए बताया था कि कैसे दशकों पहले एक छोटे से गांव के एक फुटबॉलर ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था और आज उसी प्रेरणा से उस गांव के 85 से अधिक लोग फुटबॉल खेल रहे हैं। राम चरण ने पीएम की बात का जिक्र करते हुए कहा कि एक अकेला व्यक्ति भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है और उनकी फिल्म का मुख्य किरदार भी एक आदिवासी इलाके के छोटे से कस्बे से आकर अपने समाज को बदलने का काम करता है।
गौर करने वाली बात है कि पिछले साल जब राम चरण ने अपनी पत्नी उपासना कामिनेनी कोनिडेला के साथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी, तब उन्होंने अनिल कामिनेनी के नेतृत्व में शुरू की गई विश्व की पहली ‘तीरंदाजी प्रीमियर लीग’ (एपीएल) के लिए पीएम का आभार व्यक्त किया था। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए राम चरण ने तीरंदाजी की विरासत को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की बात कही थी, जिस पर खुद पीएम मोदी ने भी जवाब देते हुए उनके इस सामूहिक प्रयास की सराहना की थी और इसे युवाओं के लिए बेहद लाभकारी बताया था। बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी और वृद्धि सिनेमाज, मैत्री मूवी मेकर्स व सुकुमार राइटिंग्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म खेल के माध्यम से अपनी पहचान तलाशने वाले एक व्यक्ति की कहानी है। राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, दिव्येंदु और जगपति बाबू जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।





