लखनऊ। आज जेठ माह का तीसरा बड़ा मंगल है। राजधानी लखनऊ के नया हनुमान मन्दिर अलीगंज पुराना हनुमान मन्दिर अलीगंज, हनुमान सेतु, सुभाष मार्ग का छांछी कुआ हनुमान मन्दिर अमीनाबाद का हनुमान मन्दिर समेत अन्य सभी हनुमान मन्दिर सज-धज कर तैयार हो गये हैं। सभी प्रमुख मन्दिर सोमवार की शाम हनुमान जी महाराज का श्रृंगार होने के बाद और नया चोला चढ़ाने के बाद मन्दिर के पट दर्शन के लिए खोल दिये जायेंगे। इस दिन भक्त बजरंगबली की विधि विधान से पूजा-अर्चना करते हैं और परिवार की सुख समृद्धि की कामना करते हैं।
मंगलवार को श्री हनुमान जी का वार माना जाता है। इस दिन बजरंगी की साधना का विशेष फल मिलता है। यही मंगल तब और विशेष हो जाता है जब यह ज्येष्ठ माह में पड़ता है। ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले मंगल को बड़ा मंगल कहते हैं। बजरंगी की कृपा दिलाने वाले बड़े मंगल की शुरूआत इस बार जेठ के महीने में 28 मई से हुई। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक एक महापर्व के रुप में मनाया जात है। बड़ा मंगल के दिन लखनऊ के तकरीबन प्रत्येक मंदिरए सड़क, गली आदि में हनुमान जी पूजा होती और प्रसाद बंटता दिख जाएगा। मान्यता है कि श्री हनुमान जी पहली बार अपने आराध्य प्रभु श्रीराम से ज्येष्ठ माह के मंगलवार वाले दिन मिले थे। यही कारण है कि इसे बड़ा मंगल कहा जाता है। चूंकि श्री मंगलवार श्री हनुमान जी का दिन माना जाता है, इसलिए पूरे ज्येष्ठ माह में श्री हनुमान जी से जुड़े इस अहम दिन विशेष रूप से साधना.आराधना की जाती है।
इस विधि से करें पूजन:
बड़ा मंगल के दिन सात चिरंजीवियों में से एक श्री हनुमान जी की विशेष रूप से साधना.आराधना की जाती है। विदित हो कि भगवान श्री हनुमान उन सात पवित्र देवताओं में से एक हैं जो सशरीर युगों.युगों से इस पृथ्वी पर मौजूद हैं। ऐसे में बजरंगी के इस पावन पर्व पर उनकी विधि.विधान से पूजा करने पर सुख.समृद्धि और आशीर्वाद प्राप्त होता हैं। बजरंगी को समर्पित बड़ा मंगल के दिन श्री हनुमान जी को पूरी श्रद्धा भक्ति के साथ चना, गुड़, मीठी पूड़ी आदि का प्रसाद चढ़ना चाहिए। इस दिन अन्न दान और जल दान का विशेष महत्व है।
हनुमान सेतु में मंगला आरती के बाद दर्शन:
हनुमान सेतु मंदिर में बड़े मंगल को लेकर विशेष सजावट की जा रही है। पहले बड़े मंगल पर 75 हजार लड्डू प्रसाद के रूप में बांटा जाएगा। सोमवार रात 12 बजे मंदिर के कपाट खुलने के साथ मंगला आरती होगी। मंदिर के कपाट मंगलवार रात 12 बजे बंद होगा। भक्त 24 घण्टे बजरंग बली के दर्शन कर सकेंगे। सुबह और शाम बजरंगबली की विशेष आरती होगी। लगातार सुदरकांड का पाठ होता रहेगा। मंदिर के बाहर समाजसेवियों द्वारा भण्डारे और प्याऊ की व्यवस्था की जाएगी।
पातालपुरी हनुमान मंदिर में लगेगा 56 व्यंजन का भोग:
पक्का पुल स्थित श्री अहिमर्दन पातालपुरी हनुमान जी मंदिर में सुबह सिंदूर लेप कर शृंगार किया जाएगा। कोषाध्यक्ष ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि सुबह 9 बजे आरती उतारी जाएगी। बजरंगबली को 56 व्यंजन का भोग लगाया जाएगा। सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन होगा।
बालाजी मन्दिर:
तालकटोरा स्थित बालाजी मन्दिर पर जेठ के सभी मंगलों को सोने, चांदी के वर्क से बाबा का शृंगार होगा। शाम को भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। इसके अलावा चारबाग के त्रिलोचन हनुमान मन्दिर, हजरतगंज के हनुमान मन्दिर, रकाबगंज चैराहा स्थित हनुमान मन्दिर, इन्दिरानगर सी ब्लाक हनुमान मन्दिर, कुर्सी रोड व बीरबल साहनी मार्ग के पंचमुखी हनुमान मन्दिर, पक्कापुल स्थित लेटे हुये हनुमान मन्दिर, दुबग्गा के बरदानी हनुमान मन्दिर में बड़े मंगल पर भक्त जुटेंगे।
सोने-चांदी से होगा बजरंगबली का शृंगार:
तालकटोरा स्थित श्री बालाजी मंदिर में ज्येष्ठ के हर मंगल को सोने चांदी की वर्क से बाबा का श्रृंगार किया जाएगा। सोने का क्षत्र चढ़ाने के साथ ही भक्तों की ओर से हर मंगल को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के प्रबंधक डीएन अवस्थी ने बताया कि मंदिर में तैयारियां पूरी हो गई हैं। हर मंगल की देर शाम को बाबा के चरणों में भजनों का गुलदस्ता भी पेश किया जाएगा।
मंदिरों में तैयारियां पूरी, जगह-जगह लगेगा भंडारा
लखनऊ। पवनसुत के गुणगान के लिए जहां मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं वही भक्तों की ओर से श्रृंगार करने का कार्य सोमवार दोपहर बाद से ही शुरू हो गया। पक्कापुल स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में एक क्विंटल फूलों से श्रृंगार शुरू होगा तो अलीगंज के नए हनुमान मंदिर के कपाट सोमवार को ही खोल दिए जाएंगे। मंगलवार को मध्यरात्रि तक भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खुले रहेंगे। पहले दिन देशी विदेशी पांच क्विंटल फूलों से बजरंगी का गुणगान होगा। अलीगंज के पुराने व नए मंदिरों में परिक्रमा करने वालों के लिए विशेष इंतजाम किए गए जाएंगे। हनुमान सेतु मंदिर के आचार्य चंद्रकांत द्विवेदी ने बताया कि सुरक्षा के साथ दर्शन का इंतजाम होगा। हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के अलावा लेटे हुए हनुमान मंदिर पर भी श्रद्धालुओं के दर्शन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
11 बार बदला जाएगा चोला:
अलीगंज हुनमान मंदिर में सोमवार दिन में 12 बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद मंगलवार रात 12 बजे बंद होंगे। मंदिर की ओर से 2.5 कुंतल लड्डू और एक हजार कालाजाम बांटा जाएगा। बजरंगबली का दिन भर में 11 बार चोला बदला जाएगा। मंदिर के कार्यालय अधीक्षक राकेश दीक्षित ने बताया कि दो साल बाद मंदिर में भंडारे का आयोजन होगा।
कई कुंटल फूलों से महक रहा हनुमान सेतु मन्दिर:
मंदिर कई कुंटल फूलों से महक रहा है। शाम को रंगबिरंगी लाइटों से मन्दिर जगमग जगमग होगा। मन्दिर के बड़े पुजारी भगवान सिंह विष्ट ने बताया कि हर बार जेठ के मंगल को एक भक्त द्वारा ही बुकिंग होती थी लेकिन इस बार भक्तों की श्रद्धा को देखते हुये 5-6 भक्तों को हनुमान के शृंगार कराने का मौका दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी बड़े मंगल को हनुमान जी का हर दो-दो घंटे पर शृंगार बदला जायेगा।





