रन फॉर यूनिटी में 2,000 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्ण भाग
लखनऊ। भगवान श्री सत्य साई बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष समारोह के उपलक्ष्य में श्री सत्य साई सेवा संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा रविवार को लखनऊ स्थित सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल पर रन फॉर यूनिटी का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव, सामाजिक समरसता, शारीरिक स्वास्थ्य तथा फिट इंडिया अभियान की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 2,000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रात: 5 बजे आरम्भ हुए इस आयोजन में प्रतिभागियों ने 3 कि.मी., 5 कि.मी. एवं 10 कि.मी. रन एवं राइड श्रेणियों में पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। विविध वर्गों, जातियों, धर्मों एवं समुदायों से आए प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का सशक्त प्रतीक बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्री सत्य साई बाबा के सेवा, प्रेम एवं मानवता के आदर्श आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल फिट इंडिया के संकल्प को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासित, सक्रिय एवं राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने श्री सत्य साई सेवा संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा समाजहित में निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय, लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति अत्ताउर्रहमान मसूदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ. एन. बी. सिंह, लोकबंधु चिकित्सालय के निदेशक डॉ. राजीव दीक्षित, श्री सत्य साई सेवा संगठन, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सचिन नेब, उपाध्यक्ष अमिताभ सरन, संगठन के अन्य राज्य स्तरीय पदाधिकारी तथा भगवान श्री सत्य साई बाबा के अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ तीन ओंकारम् एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक जुम्बा फिटनेस सत्र में भाग लेकर वार्म-अप किया और फिर रन फॉर यूनिटी के लिए एकजुट होकर दौड़ प्रारम्भ की। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को नि:शुल्क टी-शर्ट एवं बीआईबी नंबर प्रदान किए गए। दौड़ पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति पदक, सहभागिता प्रमाण-पत्र, ऊर्जा पेय एवं अल्पाहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने समाज को यह संदेश दिया कि एकता, सेवा, प्रेम, सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली ही सशक्त, समरस एवं विकसित भारत की आधारशिला हैं। श्री सत्य साई सेवा संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित यह भव्य रन फॉर यूनिटी केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकात्मता और नि:स्वार्थ सेवा के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त जनआंदोलन सिद्ध हुआ।





