इस आयोजन में लगभग 150 सदस्यों ने सहभागिता की
लखनऊ। लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड द्वारा आयोजित 3-इन-1 उत्सव संध्या आई एम द बेस्ट का आयोजन मंडपम हॉल, वेनेशियन गार्डन, लखनऊ में भव्य रूप से किया गया। दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस आयोजन में लगभग 150 सदस्यों ने सहभागिता की। इस अनूठे आयोजन में आई एम द बेस्ट अविस्मरणीय यात्रा-वृत्तांत का विमोचन, पुरस्कार वितरण तथा सदस्यों के जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगाँठ समारोह शामिल रहे। संस्थापक सुनील मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि प्रतिभाओं को मंच देने, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और रिश्तों को मजबूत करने की एक निरंतर यात्रा है। ऐसे आयोजन सदस्यों की छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इस विशेष आयोजन की परिकल्पना एवं योजना छउहह के वरिष्ठ एडमिन अनिल शुक्ला एवं शोएब कुरैशी द्वारा की गई। संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राजीव सक्सेना के नेतृत्व तथा डॉ. विश्वास वर्मा, कैलाश कुमार श्रीवास्तव एवं मधु श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सुधीर कुमार सक्सेना, पूर्व न्यायाधीश, लखनऊ उच्च न्यायालय एवं विशिष्ट अतिथि माननीय न्यायमूर्ति राकेश श्रीवास्तव, पूर्व न्यायाधीश, लखनऊ उच्च न्यायालय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया। अन्य सम्मानित अतिथियों में डॉ. तिम्सल मसूद (प्रोफेसर, कोलंबिया यूनिवर्सिटी), उमा त्रिगुणायत, मनोज श्रीवास्तव, वीनू चड्ढा, अर्चना सतीश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में स्थानीय एवं अन्य शहरों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया, जिनमें से 30 प्रतिभागियों ने पहले चरण की पहली कड़ी के रूप में अतिथियों एवं सदस्यों के समक्ष अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता चार माह तक चलेगी और इसका ग्रैंड फिनाले अक्टूबर 2026 में लखनऊ में होगा। प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. विश्वास वर्मा रहे। एंकरिंग नवीन कोहली, रचना मिश्रा एवं तृप्ति पांडे ने की। इस सेगमेंट में संगीत जगत की जानी-मानी कलाकार पद्मा गिडवानी, निमिषा सोनकर, नीमा पंत सहित अनेकों गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। जाने-माने गायक कलाकार प्रदीप अली साहब और आकांक्षा सिंह इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में रहे। डॉ. विश्वास वर्मा, आकांक्षा सिंह एवं रविकर सक्सेना की संगीतमय प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। डॉ. विश्वास वर्मा ने चंदन सा बदन, अनूप केसवानी ने ये शाम मस्तानी और मेहमूद आलम ने चिंगारी कोई भड़के प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।





