युवाओं के लिए दो दिवसीय सेमीनार आयोजित
लखनऊ। इस्कॉन लखनऊ द्वारा युवाओं के लिए आयोजित दो दिवसीय सेमीनार लाइफ जर्नी डिस्कशन में मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने युवाओं को जीवन के गहन आध्यात्मिक विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। द्वितीय दिवस में प्रभु जी ने भगवान कौन हैं?, जीवन का वास्तविक उद्देश्य क्या है? तथा हमारा भगवान के साथ क्या संबंध है? जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समझाया। साथ ही इन्द्रियों पर विजय प्राप्त कर आध्यात्मिक एवं सुखमय जीवन जीने के उपाय भी बताए। आज प्रभुपाद यूथ आर्मी के युवाओं द्वारा कैलाश और नारद मुनि विषय पर एक प्रेरणादायक नाटिका का मंचन किया गया, जिससे यह शिक्षा मिली कि व जीवन अत्यंत दुर्लभ और अमूल्य है, इसलिए इसे भगवान की भक्ति एवं आत्म-साक्षात्कार के लिए उपयोग करना चाहिए। दोनों दिनों के सत्र युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं जीवन को नई दिशा देने वाले रहे। मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी के दिशा-निर्देशन में प्रभुपाद यूथ आर्मी द्वारा युवा शक्ति को संस्कारित और जागरूक बनाने हेतु दो दिवसीय सेमीनार आयोजित कर उन्हें आध्यात्मिक पथ पर आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी युवाओं को स्वादिष्ट प्रसादम्—छोला, चावल, पूड़ी, रायता एवं चीला वितरित किया गया , जिसे सभी ने आनंदपूर्वक ग्रहण किया।





