कथा के छठे दिन उमड़े भक्त,जनप्रतिनिधियों ने लिया कथा का आशीर्वाद
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र स्थित मणि महेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के छठे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वृंदावन से पधारी कथा प्रवक्ता रोली शास्त्री ने अपने ओजस्वी एवं भक्तिमय प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का वर्णन करते हुए धर्म, भक्ति एवं मानव जीवन के मूल्यों पर प्रकाश डाला गया। छठे दिन के आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के उपविजेता अंजनी श्रीवास्तव, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुराग मिश्र, पार्षद विनोद यादव, पार्षद धर्मेंद्र सिंह तथा राजाजीपुरम के पार्षद नागेंद्र सिंह, अजय त्रिपाठी मुन्ना, राजू यादव, राकेश यादव, सुनील मिश्र, जितेंद्र कुमार, अरुण श्रीवास्तव ने पहुंचकर कथा श्रवण किया और मंदिर में भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। जनप्रतिनिधियों ने धार्मिक आयोजनों को समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का माध्यम बताया। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत मनोहर पुरी जी महाराज ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को आध्यात्मिक दिशा देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि कथा के समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भक्तगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संपूर्ण मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। आयोजक मंडल एवं मंदिर परिवार आयोजन को सफल बनाने में पूरी निष्ठा के साथ जुटा हुआ है।





