लखनऊ। साईं आश्रम ट्रस्ट लखनऊ के तत्वावधान में 22 अगस्त को वार्षिक भव्य शिरडी साईं पालकी यात्रा पूरे हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। दोपहर 2 बजे 111, चांदगंज गार्डन से पालकी की शोभा यात्रा शुरू हुई। पगड़ी पहने साईं सेवकों का काफिला शिरडी वाले साईं बाबा, चली है बाबा की पालकी, साईं राम साईं श्याम जैसे भजनों पर झूमते हुए कपूरथला चौराहा होते हुए गोल्डन सेलिब्रेशन लॉन, महानगर की ओर बढ़ा। इस बार का मुख्य आकर्षण शिव-पार्वती की भव्य झांकी रही, जिसने संदेश दिया कि शिव और साईं अलग नहीं हैं। महाराष्ट्र से आए रंगोली कलाकारों ने लखनऊ की सड़कों पर सुंदर रंगोलियां बनाईं। बग्घी, पालकी, शिव दरबार, नर्तक दल और भक्तों की भीड़ से ऐसा लगा मानो बाबा स्वयं धरती पर उतर आए हों। शाम 7 बजे गोल्डन सेलिब्रेशन लॉन में साईं की मीरा मीनू सचदेवा ने भजन संध्या से समां बांध दिया। साईं राम चले आओ, साईं मेरी रक्षा करना, तुम हमारे हो हम तुम्हारे हैं साईं, आपकी कृपा से सब काम.. जैसे भजनों पर भक्तों ने शिरडी जैसा एहसास किया। भजन मंडली और जय शंकर वर्मा (बूटी काका) का पटका पहनाकर सम्मान किया गया। भव्य दरबार नितिन गुप्ता ने सजाया। सेवा में इंद्रेश सिंह, शिवराम त्रिपाठी, राजेश पटेल, अतुल मिश्रा, दानवीर दीपक, डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव, हरीश सनवाल, डॉ. ऋतु जायसवाल, उमेश यादव, जितेंद्र श्रीवास्तव आदि का सहयोग रहा। बीच में ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री संजय मिश्रा (दादा) ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया। अंत में रतन मिश्रा, डॉ. मीना पाण्डेय और संध्या मिश्रा द्वारा भोग-भंडारे का आयोजन किया गया।





