नोएडा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र सभागार में महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा और लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज भी मौजूद रहीं। उत्तर प्रदेश में कंपनी का यह पहला सेंटर है, जिससे राज्य में आधुनिक जांच सुविधाओं के विस्तार की शुरुआत हो गई है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि बीते वर्षों में मेडिकल तकनीक ने तेजी से विकास किया है। पहले जिन बीमारियों का पता लगाना कठिन होता था, अब अत्याधुनिक तकनीकों की मदद से उनकी पहचान जल्दी और अधिक सटीकता के साथ संभव हो रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी जांच व्यवस्था का उद्देश्य सिर्फ बीमारी का पता लगाना ही नहीं, बल्कि मरीज को अनावश्यक जांच और गलत निदान से बचाना भी होना चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में एकीकृत व्यवस्था को जरूरी बताते हुए कहा कि जब रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और अन्य जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होती हैं तो मरीजों को बार-बार अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ता। इससे समय की बचत होती है और डॉक्टरों को भी सभी रिपोर्ट एक साथ मिलने से इलाज में आसानी होती है।
रक्षा मंत्री ने मेडिकल साइंस और रक्षा क्षेत्र के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेडियोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी जैसी तकनीकों का उपयोग सेना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। युद्ध क्षेत्र में घायल सैनिकों की स्थिति का आकलन करने में ये तकनीकें बेहद उपयोगी साबित होती हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंची हैं। उत्तर प्रदेश में पिछले दस वर्षों में स्वास्थ्य ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। जहां वर्ष 2017 में करीब 12 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर लगभग 45 हो गई है। साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आने वाले समय में देश में बुजुर्ग आबादी बढ़ेगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में इलाज से ज्यादा जरूरी प्रिवेंटिव हेल्थ केयर को प्राथमिकता देना होगा।
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के इस सेंटर में एआई आधारित अल्ट्रा-फास्ट 3.0 टेस्ला एमआरआई, 160-स्लाइस सीटी स्कैनर समेत कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एक ही स्थान पर रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और पर्सनल हेल्थ चेकअप की सुविधा मिलने से नोएडा और आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।





