दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के कटेकल्याण पुलिस थाना क्षेत्र में मारजूम गांव के जंगल के समीप केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 195वीं बटालियन और जिला पुलिस बल के संयुक्त दल ने छह नक्सलियों (पीडे वेको 25 वर्ष), (पिसो कवासी 22 वर्ष), (पायको वेको 26 वर्ष), (फगनू मड़कामी 30 वर्ष), (सन्ना कुड़ामी 25 वर्ष), (पोज्जा कुड़ामी 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि मारजूम क्षेत्र में नक्सली गतिवधि की सूचना के बाद सोमवार को पुलिस दल को गस्त में रवाना किया गया था। दल जब मारजूम गांव के जंगल में था तब नक्सली वहां से भागने लगे। बाद में पुलिस दल ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी जनमिलिशिया के सदस्य हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल ने नक्सलियों के कब्जे से एक टिफिन बम, बिजली का तार, माओवादी पिठ्ठू और अन्य सामान बरामद किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी जनमिलिशिया सदस्य पिछले महीने 28 जुलाई को माओवादियों द्वारा मनाए जा रहे शहीदी सप्ताह के दौरान चिकपाल गांव की पहाड़ी में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में शामिल थे। लगभग एक घंटे चली मुठभेड़ में माओवादी पुलिस को भारी पड़ता देख शिविर छोड़कर भाग गए थे। बाद में डीआरजी के जवानों ने मुठभेड़ के बाद चार जनमिलिशिया सदस्यों को गिरफ्तार किया था तथा माओवादियों के शिविर से भारी मात्रा में विस्फोट सामाग्री और अन्य सामान बरामद किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ की इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी।





