लखनऊ। मलिहाबादी मंडी में मंगलवार से आम की आवक तेज हो गयी है। पहले दिन मंडी में जहां कच्ची दशहरी 35 से 40 रुपये किलो तक बिकी। वहीं पाल का पका हुआ आम के दाम 60 से 70 रुपये प्रति किलो खुले हैं। डाल की पकी दशहरी के स्वाद के लिए शौकीनों को अभी कुछ दिन का इंतजार करना होगा। आढ़ती अभिषेक अवस्थी ने बताया कि कच्ची दशहरी बाजार में आ चुकी है। जो फुटकर बाजारों तक पहुंचाई जा रही है। वहीं फुटपाथ पर पाल की दशहरी भी खूब बिक रही है। इसकी कीमतें अभी गिरनें की सम्भावना है। आढ़ती विमल रावत ने बताया कि रविवार को हुई बरसात से बागों में पानी भर गया था जिसके चलते ज्यादातर किसानों ने सोमवार शाम से आम की तुड़ाई और पैकिंग शुरू की। यह आम मंगलवार को मंडी पहुंचना शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि फलमंडी नजर नगर मे स्थित आढतों पर मंगलवार को करीब छह टन आम पहुंचा है। यह आम यहां से देश की विभिन्न मंडियों के लिये रवाना होगा। विभिन्न मंडियों से यहां पहुंचे व्यापारियों ने आम की खरीद शुरू कर दी है। मंगलवार को 35 से 40 रुपये किलोग्राम की दर से आम की बिक्री शुरू हुई है। बागवानों का कहना है कि दिल्ली मंडी में आम के दाम 40 से 45 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है। जिसके चलते कई बागवान दिल्ली मंडी मे ही अपना आम भेज रहे है।
पांच और 10 किलो के दफ्ती के गत्तों में पैक हो रहा आम
देश की विभिन्न मंडियों से आम की खरीदारी करने यहां पहुंचे व्यापारियों के लिये दशहरी आम विभिन्न पैकिंग और कैरेट में मौजूद है। पांच से 10 किलो तक दफ्ती के गत्तों के अलावा 22 से 25 किलोग्राम आम के कैरेट भी उपलब्ध है। खुदरा कारोबारी यहां से कैरेट वाले आम की खरीद कर डीसीएम मे पलट कर आम दूसरी मंड़ियों तक पहुंचाते हैं। वहीं दिल्ली, आन्ध्रप्रदेश, मुम्बई, कोलकाता आदि मंड़ियों के लिये कारोबारी गत्ते वाले आम की खरीद करते है। गत्तों में पैक कच्चा आम गंतव्य तक पहुंचने तक पक कर खाने लायक हो जाता है। विभिन्न कम्पनियों द्वारा मलिहाबाद के बागों से उच्चतम क्वालिटी और करीब 300 ग्राम वजन के दशहरी आम की खरीदी कर मैंगों पैक हाउस में उसकी पैकेजिंग कराकर खाड़ी देशों के साथ ही यूरोप के देशों के लिये निर्यात किया जाता है। इसके लिये मैंगों पैक हाउस रहमान खेड़ा पूरी तरह से तैयारी कर चुका है। मैंगों पैक हाउस के संदीप कुमार ने बताया विभिन्न कम्पनियां हमारे सम्पर्क में हैं। 27 मई से अभी तक नेपाल के लिये 27 टन आम रवाना हो चुका है। वहीं यूरोप और खाड़ी देशों के लिये पांच जून के बाद आम रवाना होगा।
पहले दिन ही हुई आम की रिकॉर्डतोड़ बिक्री
दुनिया भर में अपने जायके और मिठास के लिए मशहूर दशहरी के शौकीनों का इंतजार पूरा हुआ। सोमवार को दशहरी ने बाजारों में दस्तक दी। दहशरी आई और छा गई। पहले ही दिन मंडी में एक हजार टन से अधिक का कारोबार हो गया। पहले दिन जिस तरह से कारोबार हुआ उससे बागबान उत्साहित हैं। कारोबारियों का कहना है कि उम्मीद है कि स्वाद के साथ दशहरी इस बार मुनाफा भी लेकर लाएगी। देश ही नहीं दुनिया में कई देशों तक दशहरी का निर्यात किया जाता है। दशहरी केवल जायका ही नहीं मलिहाबाद व आसपास के पूरे इलाके की आर्थिकी की धुरी है जिससे हजारों परिवारों का जीवन यापन चलता है। मलिहाबाद आम मंडी में दशहरी आम की बिक्री शुरू हो गई।





