हल्दिया। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नेफ्था पाइपलाइन में भीषण आग लगने से 20 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना सोमवार देर रात करीब 2.45 बजे मिली। उन्होंने बताया कि यह तेजी से हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गई, जिससे कई घर जलकर खाक हो गए।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। आग बुझाने का अभियान अब भी जारी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को हल्दिया उपमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच लोगों को बाद में तामलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
अधिकारी ने कहा,इलाके को सुरक्षित कर दिया गया है और आग बुझाने का काम जारी है। विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के पास रेलवे की ओवरहेड विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।





