गुरु सम्मान समारोह में 22 गुरुजनों का हुआ सम्मान
लखनऊ। भातखण्डे एलुमनी एसोसिएशन एवं भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पद्म भूषण डॉ. एस.एन. रतनजंकर स्मृति गुरु सम्मान समारोह-2026 का आयोजन शुक्रवार को कलामंडपम् प्रेक्षागृह, कैसरबाग में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सुप्रसिद्ध सुरसाधक किशोर चतुर्वेदी की भजन प्रवाह प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी सुमधुर एवं भावपूर्ण गायकी से हे री सखी मंगल गौरी, राम नाम सुखदाई, अच्युतम् केशवम् कृष्ण दामोदरम् तथा सावन के अवसर पर आधारित एक मेघ मल्हार गीत प्रस्तुत कर सम्पूर्ण प्रेक्षागृह को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर श्रोतागण भाव-विभोर हो उठे तथा पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इसके उपरांत विदुषी रेनु शर्मा के निर्देशन में पुष्प वाटिका प्रसंग पर आधारित समूह कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की भावाभिव्यक्ति, लयबद्धता एवं आकर्षक मंच-सज्जा ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। समारोह के दौरान संगीत एवं कला जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 22 गुरुजनों को भातखण्डे एलुमनी एसोसिएशन की ओर से सम्मानित किया गया जिसमें कृष्ण कुमार मिश्र सारंगी, शीतलप्रसाद मिश्र तबला, रामेश्वर प्रसाद मिश्र गायन, धर्मनाथ मिश्र प्रवक्ता गायन, राम चन्द्र भट्ट, होली राम, रवि नाथ मिश्र, पंकज कुमार चौधरी, रवि राज शंकर, डॉ बीना सिंह, सुरेश प्रसाद मिश्र, प्रमोद कुमार मिश्र , डॉ मीरा दीक्षित, डॉ सीमा भारद्वाज, अरुण कुमार भट्ट, डॉ रंजना द्विवेदी, डॉ कमलेश कुमार दुबे। इस अवसर पर उपस्थित सभी गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कार्यक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संगीत, नृत्य एवं गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह (प्रमुख सचिव, विधान परिषद, उत्तर प्रदेश) तथा विशिष्ट अतिथि राजेश जायसवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, कलाकार, संगीत प्रेमी एवं श्रोतागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम श्रीवास्तव ने किया और एवं आयोजन भातखण्डे एलुमनी एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा भारद्वाज एवं सचिव गिरीश चन्द्र बहुगुणा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।





