वरिष्ठ रंगकर्मी महेश चंद्र देवा कार्यशाला में नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण दे रहे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी और मदर सेवा संस्थान की ओर से कला संवर्धन योजना के अंतर्गत 15 दिवसीय नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार से हुआ। कार्यशाला बख्शी का तालाब क्षेत्र के कोटवा स्थित चबूतरा थियेटर पाठशाला में आयोजित की जा रही है।फिल्म अभिनेता व वरिष्ठ रंगकर्मी महेश चंद्र देवा कार्यशाला में नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के पहले दिन उन्होंने बच्चों को फेस एक्सप्रेशन (चेहरे के हाव-भाव), संवाद अदायगी (डायलॉग डिलीवरी) और सरगम का गहन अभ्यास कराया। इसके साथ ही, बच्चों के भीतर के संकोच को दूर करने के लिए सारे के सारे गामा को लेकर गाते चले और कहब तो लागि जाई धक से जैसे गीतों के माध्यम से संगीतमय नाट्य अभ्यास भी कराया गया। कार्यशाला में क्षेत्र के लगभग 20 उत्साही नवोदित कलाकारों ने पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षण पाने वाले मुख्य बच्चों में कृष्णा, अनुज, सुमित, अंजली, राजवीर, सुधीर, विशाल, लवकुश, अनुराग, सोनाली और सानिया शामिल हैं।





