खालसा सजना दिवस के दो दिवसीय दीवान का भव्य समापन
लखनऊ। गुरुद्वारा सदर, लखनऊ में खालसा सजना दिवस के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय दीवान का आज विधिवत एवं भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर विख्यात कीर्तनी भाई रायसिंह जी, हजूरी रागी श्री दरबार साहिब जो काफी अंतराल के बाद लखनऊ पधारे, ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया।
दीवान के दौरान सिंह साहिब ज्ञानी मान सिंह जी ने कथा-विचार प्रस्तुत करते हुए संगत को गुरुओं के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया तथा बैसाखी के इतिहास और खालसा सजना दिवस इसी दिन क्यों मनाया जाता है, इस पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा किए गए संघर्ष और युद्ध किसी जर, जोरू और जमीन के लिए नहीं, बल्कि मानवता और देश की रक्षा के लिए थे। भाई रायसिंह जी ने विभिन्न रागों पर आधारित मधुर कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को रूहानी चरम सीमा तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के दौरान अपोलो हॉस्पिटल एवं टेंडर पाम अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया गया तथा उन्हें अस्पतालों में आने पर विशेष रियायत देने की घोषणा की गई। गुरुद्वारा का उपक्रम गुरु हर राय डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा रैंडम शुगर की जांच नि:शुल्क की गई तथा अन्य जांचों पर न्यूनतम दरों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई। दीवान के उपरांत गुरु का लंगर हजारों की संख्या में उपस्थित संगत में वितरित किया गया तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य शिविरों का लाभ प्राप्त किया।
गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि खालसा सजना दिवस केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि साहस, त्याग और मानवता की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सेवा की भावना को बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी संगत, सहयोगी संस्थाओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य शिविर और लंगर सेवा के माध्यम से समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाना ही गुरुओं की सच्ची सेवा है।
गुरुद्वारा कमेटी के सचिव एवं पूर्व अध्यक्ष सरदार तेजपाल सिंह रोमी ने अपने वक्तव्य में कहा कि खालसा सजना दिवस का संदेश हमें सत्य, न्याय और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा सदर द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर, धार्मिक दीवान और लंगर सेवा समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है तथा इस आयोजन को सफल बनाने में संगत और सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर श्रीमती नम्रता पाठक मुकेश शर्मा (एमएलसी), सुरेश तिवारी (पूर्व विधायक), संयुक्ता भाटिया (पूर्व मेयर) प्रशांत भाटिया (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), चरणजीत कौर (डिप्टी मेयर) प्रमोद शर्मा (कैंट बोर्ड सदस्य)अखिल ग्रोवर (व्यापार मंडल अध्यक्ष), लकी बग्गा (व्यवसायी) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं सदस्यों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।





