रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पतरातू थाना क्षेत्र के तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी कमल किशोर महतो (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार कमल किशोर महतो ‘रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन’ (डीआरडीओ) में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वह 19 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और उन्हें नींद नहीं आ रही थी।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में टहलते देखा गया था। वहीं रात करीब 2 बजे परिजनों की नींद खुली तो वह अपने बिस्तर पर नहीं मिले। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।मंगलवार सुबह घर के पास पहाड़ी पर एक पेड़ से उनका शव लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
मृतक अपने पिता प्रभु महतो का इकलौता पुत्र था। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 6 और 4 वर्ष बताई गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





