विश्व नृत्य दिवस पर नृत्योत्सव व संवाद कार्यक्रम
लखनऊ। तबले की थाप पर थिरकते कदम और संगीत के जज्बे के साथ आज उड़ान संस्था के तत्वावधान में फरीदी नगर, चांदन रोड इन्दिरा नगर स्थित संस्था के सभागार में विश्व नृत्य दिवस के अवसर पर आयोजित ‘नृत्योत्सव व संवाद’ कार्यक्रम में कला और स्वास्थ्य के अंतसंर्बंधों पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता और वरिष्ठ लोक नृत्यांगना सरिता सिंह ने दीप प्रज्जवलन के साथ उत्सव का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नृत्य हमारी प्रकृति की शक्ति से जुड़ने का माध्यम है। यह न केवल रचनात्मकता और एकाग्रता बढ़ाता है, बल्कि आधुनिक दौर की सबसे बड़ी समस्या ‘तनाव’ से मुक्ति दिलाने की अचूक औषधि भी है। उन्होंने शास्त्रीय और लोक नृत्य की बारीकियों को समझाते हुए प्रशिक्षार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस अवसर पर नृत्योत्सव का शुभारम्भ खुशबू, सीमा, पूनम, कविता ने वंदेमातरम पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों में देशप्रेम की भावना जागृत की। देश भक्ति से परिपूर्ण इस प्रस्तुति के उपरान्त नन्दनी, कल्पना, रिया, पूजा गुप्ता, शिखा, आराध्या, मयंक, ममता, पूनम यादव, मोहिनी और अनीता ने मेरे ढोलना सुन और सविता, रचना, मिष्ठी, काव्या एवं आव्या ने मोहे पनघट पर नंद लाल छेड़ गयो रे पर भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर मंत्र मुग्ध कर दिया।





