पीलीभीत। पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में एक दंपति की कथित तौर पर बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव मंगलवार सुबह घर के एक कमरे से बरामद किए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिलसंडा थाना क्षेत्र के मीरपुर हेमुपुरा निवासी हरिशंकर कुशवाहा (52) और उसकी पत्नी कमला देवी (50) सोमवार रात लगभग 11 बजे एक विवाह समारोह से घर लौटे थे।
दंपति के बेटे संत कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग सात बजे जब वह मकान के अगले हिस्से में बनी परचून की दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने कमरे में हरिशंकर और कमला को मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। कुमार के मुताबिक, उसकी मां के शव पर एक टेबल फैन गिरा हुआ था। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि रात में सोते समय टेबल फैन में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर आला अधिकारियों सहित राजस्व विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय लेखपाल राजकुमार ने बताया कि मृतकों के परिजन को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत सरकारी मुआवजा दिलाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पुलिस मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।





