बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक आठ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मसौली थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच मार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग लखनऊ के कमता क्षेत्र के रहने वाले थे। कार आदर्श नगर, कमता निवासी मोहम्मद शरीफ के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार बिंदौरा चौराहे के पास मुड़ रही थी, तभी बाराबंकी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि आठ साल की बच्ची हुदा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बड़ागांव सीएचसी के अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया। वहीं, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी जाएगी।





