नई दिल्ली। भारत में व्हाइट-कॉलर जॉब मार्केट 2026 की दूसरी छमाही (H2) में और मजबूत होने के संकेत दे रहा है। नौकरी पोर्टल naukri.com की हायरिंग आउटलुक सर्वे के मुताबिक 79 फीसदी वरिष्ठ HR लीडर्स को नए रोजगार सृजन की उम्मीद है, जबकि 97 फीसदी ने कहा कि हायरिंग गतिविधियां जारी रहेंगी।
यह सर्वे 540 से अधिक सीनियर HR लीडर्स और हायरिंग डिसीजन मेकर्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार रियल एस्टेट, FMCG और IT/टेक सेक्टर में सबसे ज्यादा सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। रियल एस्टेट में 86%, FMCG में 85% और IT/टेक में 83% HR लीडर्स ने नई नौकरियों के सृजन की संभावना जताई है।
मैन्युफैक्चरिंग और हेल्थकेयर सेक्टर में भी 79-79% HR लीडर्स को रोजगार बढ़ने की उम्मीद है, जबकि BFSI सेक्टर में यह आंकड़ा 72% रहा। वहीं बिजनेस डेवलपमेंट, मार्केटिंग और IT रोल्स में सबसे ज्यादा भर्ती होने की संभावना जताई गई है।
एंट्री लेवल पर ज्यादा मौके
रिपोर्ट के अनुसार शुरुआती करियर वाले युवाओं के लिए अवसर अधिक रहेंगे। करीब 62% HR लीडर्स ने 0-3 साल के अनुभव वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा भर्ती की उम्मीद जताई है, जबकि 4-7 साल के अनुभव वालों के लिए भी 57% ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। BFSI, हेल्थकेयर और IT सेक्टर एंट्री-लेवल हायरिंग में आगे रहेंगे।
AI से नौकरी पर बड़ा खतरा नहीं
सर्वे में यह भी सामने आया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फिलहाल बड़े पैमाने पर नौकरी छिनने का कारण नहीं बनेगा। 86% HR लीडर्स ने कहा कि AI से निकट भविष्य में बड़ी छंटनी की संभावना नहीं है। उल्टा IT और BFSI सेक्टर में 20% से अधिक HR लीडर्स का मानना है कि AI नई भूमिकाएं पैदा करेगा, खासकर IT, मार्केटिंग और एनालिटिक्स में।
स्किल गैप सबसे बड़ी चुनौती
हालांकि कंपनियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही स्किल वाले उम्मीदवारों की कमी है। 31% HR लीडर्स ने इसे प्रमुख समस्या बताया। नई स्किल्स तेजी से उभर रही हैं और पुरानी स्किल्स की उपयोगिता कम हो रही है, जिससे लगातार अपस्किलिंग जरूरी हो गई है।
सैलरी ग्रोथ सीमित रहने के संकेत
रिपोर्ट के मुताबिक 83% HR लीडर्स को उम्मीद है कि अगले छह महीनों में कर्मचारियों का एट्रिशन 15% से कम रहेगा। वहीं 58% ने कहा कि औसतन सैलरी इंक्रीमेंट 10% से नीचे ही रह सकता है। इंफो एज के MD और CEO हितेश ओबेरॉय ने कहा कि 79% HR लीडर्स द्वारा नए रोजगार सृजन की उम्मीद जताना भारतीय जॉब मार्केट में तेजी का संकेत है। उन्होंने कहा कि AI नए अवसर पैदा कर रहा है और भविष्य में वही संगठन और प्रोफेशनल आगे बढ़ेंगे, जो लगातार नई स्किल्स सीखते रहेंगे।





