back to top

कांग्रेस ने राज्यसभा से विपक्षी सदस्यों के निलंबन को अलोकतांत्रिक बताया

नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को आठ विपक्षी सदस्यों के निलंबन को अलोकतांत्रिक और एकतरफा करार दिया। निलंबित सदस्यों में कांग्रेस के भी तीन सदस्य शामिल हैं। पार्टी के नेता राहुल गांधी ने कहा कि पहले तो सदस्यों की आवाज दबाई गई और बाद में उन्हें निलंबित कर दिया।

गांधी ने कहा कि ऐसा करके लोकतांत्रिक भारत को चुप कराने की कोशिश जारी है। उच्च सदन में रविवार को कृषि संबंधी दो विधेयकों को पारित किए जाने के दौरान अप्रत्याशित हंगामा देखा गया था। इसके एक दिन बाद ही राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने उपसभापति हरिवंश के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को सोमवार को खारिज कर दिया और कहा कि प्रस्ताव उचित प्रारूप में नहीं था।

रविवार को हंगामे के दौरान उपसभापति के साथ अमर्यादित आचरण के लिए आज विपक्षी दलों के आठ सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, पहले तो आवाज दबाई गई, फिर सांसदों को निलंबित किया गया तथा कृषि संबंधी काले कानूनों के बारे में किसानों की चिंताओं पर आंखें मूंदकर कर लोकतांत्रिक भारत की आवाज को दबाने की कोशश जारी है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस अन्तर्यामी सरकार के अंतहीन घमंड ने पूरे देश को आर्थिक विपदा में झोंक दिया है। लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। कांग्रेस नेताओं ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आदेश के अनुसार काम कर रहे हैं।

चौधरी ने आरोप लगाया कि नवनिर्वाचित उपसभापति सरकार की शह पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, पीएमओ के आदेश पर उन्होंने विपक्षी दलों की आवाज को दबाने और उसे घोंटने का काम किया है। उन्होंने कहा, यही वजह थी कि राज्यसभा में हंगामा हुआ। अब किसानों की बदहाली से ध्यान हटाने के लिए वे राज्यसभा में हुए हंगामे को इस रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं जैसे हमें पता ही नहीं कि संसद कैसे चलती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में कैसे भागीदारी की जाती है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों ने नियमों के अनुरूप मतदान की मांग की थी लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने कहा, अगर हमें लगता है कि उपसभापति पक्षपात कर रहे हैं तो हमारे पास भी उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का अधिकार है। चौधरी ने कहा, जिस अलोकतांत्रिक तरीके से सदस्यों का निलंबन हुआ है, हम उसकी निंदा करते हैं…यथास्थिति बहाल करने के लिए हम विरोध प्रदर्शन करेंगे।

सुरजेवाला ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, संसद में संविधान का और खेत खलिहान में किसान की आजीविका का गला घोंटा जा रहा है। मोदी जी के राजतंत्र को बचाने के लिए देश में और संसद में प्रजातंत्र को खत्म किया जा रहा है, उसकी हत्या की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने देश की संसद को भी अपने तानाशाही गुजरात मॉडल में तब्दील कर दिया है और लोकतंत्र को एकतंत्र में बदल दिया है।

सुरजेवाला ने केंद्र से सवाल किया कि क्या 62 करोड़ किसानों के भविष्य का फैसला करने वाले काले कानूनों पर मत विभाजन मांगना पाप या असंसदीय है? क्या मार्शल बुलाकर सांसदों को धक्के मारकर निकालना संसदीय प्रणाली है। निलंबित किए गए आठ सांसदों में कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के सदस्य शामिल हैं। उच्च सदन में कृषि संबंधी विधेयक को पारित किए जाने के दौरान अमर्यादित व्यवहार के कारण इन सदस्यों को शेष सत्र के लिए निलंबित किया गया है।

इससे पहले, सरकार ने आज तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन, डोला सेन, माकपा के इलामरम करीम, के के रागेश आप के संजय सिंह, कांग्रेस के राजीव सातव, सैयद नजीर हुसैन और रिपुन बोरा के निलंबन के लिए एक प्रस्ताव रखा। विपक्ष के विरोध के बीच इस प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। सभापति एम वेंकैया नायडू ने निलंबित सदस्यों से सदन को छोड़कर जाने को कहा किंतु वे बाहर नहीं गए और आसन की व्यवस्था का विरोध करते रहे। इन सदस्यों शेष सत्र के लिए निलंबित किया गया है।

नायडू ने कृषि संबंधी विधेयकों को पारित किए जाने के दौरान रविवार को इन सदस्यों के अमर्यादित व्यवहार की भर्त्सना की। रविवार को राज्यसभा में किसान उत्पादन व्यापार एवं वाणिज्य (प्रोत्साहन एवं सुविधा) विधेयक 2020 तथा किसान (सशक्तिकरण एवं संरक्षण) मूल्य आश्वासन का समझौता एवं कृषि सेवा विधेयक को विपक्ष के भारी विरोध के बीच पारित कर दिया गया।

विपक्ष इन विधेयकों को प्रवर समिति में भेजने की मांग कर रहा था। इन दोनों विधेयकों को लोकसभा पहले ही पारित कर चुकी है और अब इन्हें राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। सरकार के प्रमुख मंत्रियों ने रविवार को इन विधेयको को पारित किए जाने के दौरान राज्यसभा में इन विपक्षी सदस्यों के अमर्यादित व्यवहार को बेहद शर्मनाक और संसद के इतिहास पहले कभी नहीं होने वाला आचरण बताया था।

केंदीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रकाश जावड़ेकर, प्रहृलाद जोशी,पीयूष गोयल, थावरचंद गहलोत एवं मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर विपक्ष के इस आचरण की निंदा की। सिंह ने दावा किया कि स्वस्थ्य लोकतंत्र में इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं की जाती है।

RELATED ARTICLES

इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे खरगे, कहा: आज जश्न मनाने का नहीं, जवाबदेही मांगने का दिन

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि वह अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे क्योंकि यह जश्न मनाने का नहीं, बल्कि जवाबदेही...

दिल्ली में किसान महापंचायत से पहले हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर सील किया

शंभू/अंबाला । पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में महापंचायत में शामिल होने दिल्ली जा रहे...

सोनम वांगचुक के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानक स्थिर : अस्पताल

नयी दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल ने मंगलवार को कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानक फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन चिकित्सकों की बार-बार...

डॉ.दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान से अलंकृत होंगी डॉ.दिव्या श्रीवास्तव

यह आयोजन दयानंद इंटर कॉलेज परिसर में 25 जुलाई को होगादयानंद कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ.दिव्या श्रीवास्तव को दिया जाएगा स्वतंत्रता सेनानी डॉ.दरबारी...

जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ

घट यात्रा, ध्वजारोहण और मंत्र जाप के साथ गूंजा पूरा वातावरणलखनऊ। दिगंबर जैन समाज के परम पूज्य आचार्य सुबल सागर जी महाराज के मंगल...

समय की कीमत समझने वाला ही जीवन में करता है तरक्की : विहसंत सागर जी महाराज

लखनऊ। आशियाना दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे पावन वषार्योग (चातुर्मास) के अंतर्गत आयोजित धर्मसभा में पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज...

ऐतिहासिक किरदार निभाना है सपना : परिचय शर्मा

लखनऊ। 'सड्डा हक' 'बालिका वधू' 'स्वराज' और 'बेगूसराय' जैसे चर्चित टीवी शोज में अपनी दमदार अभिनय छाप छोड़ने वाले अभिनेता परिचय शर्मा इन दिनों...

‘दिल दीवाना हो गया’ 31 को होगी रिलीज

निर्माता इश्पॉल सिंह चावला ने तीन नए कलाकारों पर जताया भरोसालखनऊ। रोमांस, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित हिंदी फिल्म दिल दीवाना हो गया...

गुरु पूर्णिमा पर 5 चीजों का दान करने से मिलेगा गुरु का आशीर्वाद

लखनऊ। सनातन धर्म में गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर माना जाता है. वर्ष...