लखनऊ। ‘सड्डा हक’ ‘बालिका वधू’ ‘स्वराज’ और ‘बेगूसराय’ जैसे चर्चित टीवी शोज में अपनी दमदार अभिनय छाप छोड़ने वाले अभिनेता परिचय शर्मा इन दिनों जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ में समर के किरदार में नजर आ रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अपने अभिनय सफर, किरदारों, ओटीटी, रियलिटी शोज और इंडस्ट्री में संघर्ष को लेकर खुलकर बातचीत की।
आप इन दिनों वसुधा के किरदार समर से चर्चा में बने हुए है. आपने इसे चुनौतीपूर्ण किरदार क्यों कहा?
हाँ, क्योंकि मेरे लिए यह किरदार काफी चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि इसमें कोई सीधी लाइन नहीं थी. शुरूआत में मेरा किरदार पूरी तरह पॉजिटिव भी नहीं था और पूरी तरह नेगेटिव भी नहीं. यह एक ग्रे शेड वाला किरदार था. शुरूआत में मैं काफी नया था, लेकिन धीरे-धीरे इस किरदार को समझना और निभाना आसान होता गया।
शुरूआती दिनों में आपको किसने गाइड किया?
सच कहूं तो मुझे किसी ने गाइड नहीं किया. मैंने हर चीज खुद सीखी. कैमरे के सामने कैसे काम करना है, इंडस्ट्री कैसे चलती है, यह सब अनुभव के साथ समझ आया. मेरे लिए हर दिन कुछ नया सीखने जैसा था।
आपने भगत सिंह, दाऊद इब्राहिम और परिताला रवि जैसे किरदार निभाए हैं. इनमें सबसे खास कौन-सा रहा?
भगत सिंह का किरदार मेरे दिल के सबसे करीब है. बचपन से ही मैं स्कूल में भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद के नाटक देखता था और सोचता था कि एक दिन मैं भी ऐसे किरदार निभाऊंगा. जब मुझे बताया गया कि मुझे भगत सिंह का रोल मिल रहा है, तो मैंने बिना एक पल गंवाए हां कह दी।
ऐतिहासिक किरदार बाकी किरदारों से बहुत अलग होते हैं, इनके लिए कितनी तैयारी करनी पड़ती है?
ऐतिहासिक किरदार पहले भी कई कलाकार निभा चुके होते हैं. इसलिए आपको किसी की नकल नहीं करनी होती, बल्कि अपना अलग नजरिया जोड़ना होता है. मैंने भगत सिंह के व्यक्तित्व, उनकी सोच, किताबों के प्रति लगाव और उनके निडर स्वभाव को समझने की कोशिश की. जब आप उस सोच को अपने अंदर उतार लेते हैं, तब किरदार निभाना आसान हो जाता है।
टीवी, ओटीटी और फिल्मों में अभिनय का अनुभव कितना अलग होता है?
तीनों ही प्लेटफार्म का अपना अलग अंदाज है. टीवी में अभिनय थोड़ा एक्सप्रेसिव होता है, जबकि ओटीटी पर सब कुछ बहुत नेचुरल और रियल रखना पड़ता है. फिल्मों में भी सब कुछ कहानी और निर्देशक की सोच पर निर्भर करता है. आज मुझे लगता है कि सबसे अच्छी एक्टिंग वही है, जिसमें एक्टिंग दिखाई ही न दे।
आज के समय में इंडस्ट्री में आने वाले नए कलाकारों को आप कैसे देखते हैं?
आज अवसर बहुत हैं, लेकिन प्रतियोगिता भी पहले से ज्यादा है. सोशल मीडिया के कारण कई लोगों को पहचान मिल रही है. मुझे लगता है कि टैलेंट सबसे जरूरी है. अगर आपके अंदर अभिनय की क्षमता है, तो किसी भी प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
आपका ड्रीम रोल क्या है?
मैं शिवाजी महाराज, चंद्रशेखर आजाद, महाराणा प्रताप, बप्पा रावल और संभाजी जैसे ऐतिहासिक किरदार निभाना चाहता हूं. ये मेरे ड्रीम रोल हैं. अगर भविष्य में इनमें से कोई किरदार निभाने का मौका मिला, तो मेरे लिए वह किसी सपने के सच होने जैसा होगा. मैं ऐसे महान व्यक्तित्वों की बायोपिक करना चाहूंगा. लेकिन मेरा मानना है कि बायोपिक आप नहीं चुनते, बल्कि बायोपिक आपको चुनती है. अगर किसी निमार्ता-निर्देशक को लगे कि मैं उस किरदार के लिए सही हूं, तो मुझे बेहद खुशी होगी।
कई कलाकार मुश्किल दौर में गलत रास्ता चुन लेते हैं. इस बारे में आप क्या कहना चाहेंगे?
मैंने कई अच्छे कलाकारों को गलत संगत और नशे की वजह से अपना करियर बर्बाद करते देखा है. मुश्किल समय में धैर्य रखना बहुत जरूरी है. खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत रखना चाहिए, क्योंकि बुरा वक्त हमेशा नहीं रहता।
क्या आप कभी किसी रियलिटी शो का हिस्सा बनना चाहेंगे?
सच कहूं तो मुझे रियलिटी शोज से बहुत डर लगता है. अगर कोई मुझसे पूछे कि कौन-सा शो करना चाहते हो, तो मैं हमेशा कहूंगा कि मुझे सिर्फ अच्छे किरदार निभाने हैं. मैं चाहता हूं कि लोग मुझे मेरे अभिनय से याद रखें, किसी रियलिटी शो से नहीं।
आपके पसंदीदा अभिनेता कौन हैं?
मुझे रणबीर कपूर बहुत पसंद हैं. मुझे लगता है कि वह भारत के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं. उनकी सबसे बड़ी खासियत उनकी आंखों से अभिनय करना और हर किरदार में पूरी तरह ढल जाना है. ह्यएनिमलह्ण का उदाहरण ही ले लीजिए. वहीं इरफान खान मेरे सबसे बड़े प्रेरणास्रोत रहे हैं. उनके निधन की खबर सुनकर मुझे व्यक्तिगत तौर पर बहुत दुख हुआ था. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।
इंडस्ट्री में इतने सालों के अनुभव से सबसे बड़ी सीख क्या मिली?
मेरी सबसे बड़ी सीख यही है कि कभी हार मत मानो. चाहे एक-दो साल काम न मिले, लेकिन अपना मैदान मत छोड़ो. संघर्ष हर किसी की जिंदगी में आता है. ऐसे समय में खुद को मजबूत रखना चाहिए और लगातार सीखते रहना चाहिए।
अपने फैंस के लिए आप क्या कहना चाहेंगे?
पिछले कई सालों से आपने मुझे बहुत प्यार दिया है. मैं चाहता हूं कि आगे भी आप इसी तरह मेरा साथ देते रहें. मैं हमेशा कोशिश करूंगा कि आपको नए और अलग-अलग किरदारों के जरिए मनोरंजन कर सकूं।





