लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा आयोजित 16वाँ दीक्षांत समारोह दिनांक 15 जुलाई, को अपराह्न 3 बजे विश्वविद्यालय के कलामंडपम प्रेक्षागृह में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता महामहिम कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, आनंदीबेन पटेल करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री से सम्मानित सुप्रसिद्ध तबला वादक पंडित कुमार बोस होंगे। इस अवसर पर मंत्री, संस्कृति एवं पर्यटन, उत्तर प्रदेश सरकार, जयवीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए कुल 48 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 30 स्वर्ण पदक, 09 रजत पदक एवं 09 कांस्य पदक सम्मिलित हैं। इस वर्ष का सर्वोच्च स्वर्ण पदक एम.पी.ए. (कथक) की छात्रा श्वेता गुप्ता को प्रदान किया जाएगा। साथ ही 03 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि भी प्रदान की जाएगी।
जन भवन, उत्तर प्रदेश के निदेर्शानुसार दीक्षांत समारोह के पूर्व विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के मध्य विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें रस्साकशी, दौड़, खो-खो, कबड्डी, लंगड़ी टांग एवं नींबू-चम्मच दौड़ प्रमुख रहीं। साथ ही विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु पढ़ें कार्यक्रम के साथ निबंध, काव्य लेखन, भाषण, चित्रकला एवं लोक नृत्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्राम—कठिंगरा, बेलवा, शक्करखेड़ा, बरगदताला (काकोरी), मलिहाबाद एवं सरोसा भरोसा—में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज स्तर (कक्षा 3-8 एवं 9-12) के विद्यार्थियों के मध्य प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में पारंपरिक खेलों के साथ-साथ चित्रकला, भाषण एवं कहानी कथन प्रतियोगितौएँ सम्मिलित रहीं। विशेष रूप से मेरी माँ विषय पर काव्य लेखन, निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तथा गोदग्राम के विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दीक्षांत समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त माँ-बेटी सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय द्वारा कठिंगरा-1, कठिंगरा-2, बेलवा, जलियामऊ एवं मधवापुर के आंगनबाड़ी केंद्रों के मध्य नियमितता, स्वच्छता, उपस्थिति एवं स्वास्थ्य जैसे मानकों पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित की गई। जनभवन निदेर्शानुसार दीक्षांत के उपलक्ष्य में चयनित आंगनबाड़ियों को 100 आंगनबाड़ी किट प्रदान की जाएगी। दीक्षांत समारोह की संयोजक प्रो. सृष्टि माथुर, विभागाध्यक्ष (गायन एवं स्वरवाद्य) को नामित किया गया है।





