यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शोधार्थियों के लिए नई ऊर्जा
लखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), नई दिल्ली द्वारा विश्वविद्यालय में शोआर्थियों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप के अंतर्गत अध्ययन हेतु यूजर आइडी एवं पासवर्ड प्रदान किया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के अंतर्गत विश्वविद्यालय में पंजीकृत पीएच.डी. के जेआरएफ-उत्तीर्ण शोधार्थियों को अब जेआरएफ फेलोशिप का लाभ प्रदान किया जा सकेगा। यह स्वीकृति विश्वविद्यालय में शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। जेआरएफ फेलोशिप के माध्यम से शोधार्थियों को आवश्यक आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा, जिससे वे अपने शोध कार्य को और अधिक गंभीरता, गुणवत्ता एवं समर्पण के साथ सम्पन्न कर सकेंगे। इससे न केवल शोध की गुणवत्ता में वृद्धि होगी, बल्कि नवाचार, सृजनात्मकता एवं ज्ञान-विस्तार को भी नई गति प्राप्त होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंजूरी कुलपति महोदया की दूरदर्शी सोच, निरंतर प्रयासों, उत्कृष्ट शोध वातावरण का परिणाम है। जेआरएफ फेलोशिप से विशेष रूप से संगीत, नृत्य, ललित कला एवं संस्कृति से संबंधित शोध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित होगा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शोधार्थियों के लिए नई ऊर्जा, उत्साह एवं प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शोधार्थी इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट एवं नवोन्मेषी शोध कार्य प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी शोधार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।





