लखनऊ। राजधानी लखनऊ का सबसे बड़ा गणेश उत्सव इस वर्ष 14 सितंबर से 25 सितंबर तक झूलेलाल घाट पर अत्यंत धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारियों के तहत सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर विधि-विधान से बल्ली पूजन का आयोजन संपन्न हुआ।
पूजन के दौरान समिति के भारत भूषण गुप्ता, घनश्याम दास अग्रवाल, पार्षद रंजीत सिंह, अखिलेश बंसल, अतुल बंसल, संजय सिंह गांधी और अनुराग साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए समिति के भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि इस बार आयोजन का 21वां वर्ष है। वर्ष 2006 से निरंतर आयोजित हो रहे इस गणेश उत्सव के लिए भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए कोलकाता से लगभग 35 से 40 कुशल कारीगर लखनऊ पहुँच चुके हैं, जो उत्सव शुरू होने से पूर्व भव्य पंडाल को अंतिम रूप देंगे। उन्होंने आगे बताया कि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा मनमोहक भजन संध्या और आकर्षक नृत्य नाटिकाओं का मंचन किया जाएगा।





