लखनऊ। लखनऊ के वरिष्ठ छायाचित्रकार अनिल रिसाल सिंह को अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन उल्लेखनीय योगदान, कलात्मक उपलब्धियों और निरंतर सक्रियता के लिए प्रतिष्ठित एपीएसए सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान विश्व के प्रमुख फोटोग्राफी संगठनों में शामिल पीएसए की आॅनर्स कमेटी द्वारा घोषित किया गया है। अनिल रिसाल सिंह को यह प्रतिष्ठित सम्मान औपचारिक रूप से सितंबर 2026 में अमेरिका के लास वेगास में प्रदान किया जाएगा। यह उपलब्धि उनकी साढ़े पांच दशक से अधिक लंबी फोटोग्राफिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अध्याय जोड़ती है। अनिल रिसाल सिंह ने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी जगत में अपनी विशिष्ट पहचान एक ऐसे छायाचित्रकार के रूप में बनाई है, जिनकी दृष्टि में फोटोग्राफी केवल किसी दृश्य को कैमरे में दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकाश, छाया, रंग, स्थापत्य, प्रकृति, समय और सांस्कृतिक स्मृति को कलात्मक अभिव्यक्ति में बदलने की प्रक्रिया है। उनकी रचनात्मक यात्रा निरंतर सृजन, प्रयोग, शोध, शिक्षण, प्रदर्शनियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से समृद्ध रही है। उन्होंने 35 वर्षों से अधिक समय तक फोटोग्राफी का शिक्षण किया तथा विभिन्न संस्थानों और विश्वविद्यालयों में कार्य किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कैमरे की तकनीक के साथ-साथ दृश्य को संवेदनशीलता और कलात्मक दृष्टि से देखने के लिए प्रेरित किया। फोटोग्राफी से संबंधित उनके शोध-पत्र अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रस्तुत एवं प्रकाशित हुए और उनके लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे।





