करीब 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चंबा। जिला चंबा के उपमंडल चुराह में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गुजर रही दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रैवलर्स की बस शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने अभी करीब तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि चालुज मोड़ के पास चालक अचानक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।
हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया।
हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। क्षतिग्रस्त बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य यात्री भी बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया था। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





