मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मुंबई स्थित आवास ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल गणेश रायते के रूप में हुई है। वह मुंबई पुलिस की लोकल आर्म्स (LA-4) यूनिट में तैनात थे। इससे पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बांद्रा इलाके में सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी के दौरान गणेश रायते की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारण की पुष्टि विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
लॉरेंस बिश्नोई की धमकियों के बाद बढ़ाई गई है सुरक्षा
सलमान खान की सुरक्षा पिछले कुछ समय से बेहद कड़ी रखी जा रही है। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह की ओर से अभिनेता को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। सलमान खान को राज्य सरकार की ओर से ‘Y-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा भी प्रदान की गई है।
2024 में घर के बाहर हुई थी फायरिंग
सलमान खान के आवास की सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस लंबे समय से विशेष सतर्कता बरत रही है। अप्रैल 2024 में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने तड़के बांद्रा स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया था। फायरिंग की घटना के बाद से सलमान खान के घर के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। साथ ही इलाके में सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी लगातार किए जा रहे हैं।
गणेश रायते के निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। मुंबई पुलिस की ओर से उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की गई है। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी और विभागीय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। वहीं, सलमान खान के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह जारी है।





