लखनऊ। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में दोनों कलाकार लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म से जुड़ी कई प्रमोशनल गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात भी की।इस खास मुलाकात के दौरान सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल भी उनके साथ मौजूद रहे। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सनी देओल ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर एक-दूसरे के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
सनी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा,लखनऊ प्रवास के दौरान उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से मुलाकात करना बेहद सुखद रहा। उनके साथ बहुत ही सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक बातचीत हुई।वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर सुप्रसिद्ध अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा के साथ शिष्टाचार भेंट हुई।
विभाजन की त्रासदी और मानवीय संवेदनाओं की कहानी
‘बंटवारा 1947’ की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी सामने लाती है, जिसकी जिंदगी विभाजन के दौरान हिंसा, विस्थापन और अचानक पैदा हुई परिस्थितियों से पूरी तरह बदल जाती है।
फिल्म में उस दौर के भय और नफरत के बीच इंसानियत, करुणा, साहस और आपसी विश्वास को प्रमुखता से दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई’ से प्रेरित है। कहानी विभाजन के दौरान बिछड़े और उजड़े परिवारों के संघर्ष के साथ-साथ मुश्किल हालात में इंसानी रिश्तों की मजबूती को भी सामने रखती है।
फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। इसके संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने संभाली है, जबकि गीतों के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं।‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।





