प्रतिनिधिमंडल ने सीएम योगी के प्रति आभार व्यक्त किया
लखनऊ। उत्तराखंड समाज की शीर्ष संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर उन्हें प्रदेश के कुशल नेतृत्व एवं विकास कार्यों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, उत्तराखंड महापरिषद और अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी एवं के एन चंदोला संयोजक पर्वतीय महापरिषद लखनऊ शामिल रहे। भेँट के दौरान उत्तराखंड समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले दस दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव एवं उत्तरायणी कौथिग जैसे भव्य सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकनृत्य एवं पारंपरिक विरासत को व्यापक पहचान मिल रही है। इस अवसर पर भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन के अनुरक्षण एवं संरक्षण के विषय में भी मुख्यमंत्री से वार्ता की गई। प्रतिनिधिमंडल ने समाज के सांस्कृतिक एवं सामाजिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि उत्तराखंडी समाज की भावनाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने हेतु राज्य सरकार निरंतर सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा सकारात्मक आश्वासन प्रदान किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड समाज की सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी।





