गुरु अर्जुन देव की शहादत पर समर्पित कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ। साहिब गुरु अर्जन देव महाराज की पावन शहादत को समर्पित सुखमनी साहिब पाठों की श्रृंखला का आयोजन गुरुद्वारा आलमबाग, लखनऊ में आरंभ हो गया है, जिसमें करीब 100 महिला संगत ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। यह धार्मिक कार्यक्रम 6 मई से 14 जून 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 6 मई 2026 से प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक श्री सुखमनी साहिब का पाठ किया जाएगा, जबकि प्रत्येक रविवार को सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक विशेष पाठ आयोजित होगा। इस श्रृंखला के अंतर्गत शहीदी कीर्तन समागम का आयोजन भी किया जाएगा। यह समागम 13 जून 2026 (शनिवार) को शाम 6:30 बजे से 10:30 बजे तक तथा 14 जून 2026 (रविवार) को सुबह 5:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध रागी भाई साहिब भाई अमृतपाल सिंह अमृतसर अपनी हाजिरी भरेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन गुरु का लंगर संगत के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने संगत से सेवा में भाग लेने की अपील की है।





