back to top

बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा शहर, जगह-जगह लगा भंडारा

ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में उमड़ा आस्था का जन सैलाब

लखनऊ। रोशनी से जगमगाते मंदिर व फूलों से सजे हनुमान दरबार में भक्ति रस खूब बयार बही। शहर के प्रमुख मंदिरों में अलीगंज, हनुमान सेतु, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, पंचमुखी, छुआरे वाला हनुमान मंदिर, समेत शहर के सभी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा। जय हनुमान के जयकारे शहर की फिजाओं में गूंजे। अलीगंज समेत कई प्रमुख मंदिरों में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग से कतारें लगी। मंदिरों में कई श्रद्धालु दंडवती मुद्रा में परिक्रमा करते हुए पहुंचे।
ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ के सभी हनुमान मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ आया। हर कोई पवनसुत के दर्शन के लिए आतुर दिखायी दिया। मंगलवार की भोर में मंदिरों के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन की आस लिए भक्तों की कतारें सोमवार देर रात से ही लगनी शुरू हो गईं तो शहर के मुख्य बाजारों, गली-चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में पहले बड़े मंगल के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। बड़ा मंगल की शुरूआत इसी हनुमान मंदिर से मानी जाती है और इस दिन मंदिर का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। साथ ही पुराने हनुमान मंदिर, छांछी कुंआ हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, त्रिलोचन हनुमान मंदिर चारबाग, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर हजरतगंज, पंचमुखी हनुमान मंदिर बीरबल साहनी मार्ग, कल्याण गिरि हनुमान मंदिर, छुआरे वाले हनुमान मंदिर, महानगर हनुमान मंदिर, रकाबगंज हनुमान मंदिर, इंदिरानगर सी ब्लॉक हनुमान मंदिर, हाथी वाले बाबा हनुमान मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में बड़ा मंगल पर विशेष व्यवस्था रही। बड़ा मंगल पर सड़कों और चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। भंडारों का आयोजन करने वाली संस्थाएं और लोग सोमवार सायंकाल से ही इसकी तैयारी करते नजर आए। भंडारों के स्थान पर छाया की व्यवस्था की गई थी फिर भी भीड़ और गर्मी के चलते लोग परेशान नजर आए। भंडारों में प्रसाद स्वरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का वितरण किया गया। पूड़ी-सब्जी के साथ ही लौकी का कोफ्ता, छोला चावल, कढ़ी, बूंदी-बताशे, शरबत, दूध का वितरण किया गया।

मंदिरों में उमड़ी भीड़:
ज्येष्ठ माह का पहला बड़ा मंगल श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया जा रहा है। शहर भर के मंदिरों में पूरे विधि विधान के साथ बजरंगबली का पूजन और आरती उतारी गई। इसके पूर्व रात 12 बजे से ही भक्त बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मारुतिनंदन के दर्शन के लिए कतार में लग गए। अलीगंज हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु आदि बजरंगबली के मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हनुमान जी को मीठी पूड़ी और बूंदी का भोग लगाया। भक्तों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंगबाण का पाठ कर सुख समृद्धि की कामना की।

हनुमान सेतु में हुई बजरंगबली की आरती:
लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में सुबह बजरंगबली की भव्य आरती हुई। जय श्री राम और पवनसुत हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। वहीं अलीगंज स्थित पुराना और नया हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। हनुमान जी को सूजी का हलवा, पूड़ी और कद्दू की सब्जी, लड्डू और गुलाबजामुन का भोग लगाया गया। साथ ही बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में बजरंगबली को मेवे का भोग लगाकर आरती उतारी गई। वहीं मेडिकईल कॉलेज स्थित छाछी कुआं मंदिरए अमीनाबाद हनुमान मंदिर, हजरतगंज स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिरए चौक स्थित कोतवालेश्वर मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंच कर बजरंगबली के दर्शन किए।

खूब बांटा गया प्रसाद:
बड़े बड़े पंडालों में भक्ति गीत बजते हुए हनुमान जी के पहले बड़े मंगल पर प्रसाद बांटा गया। बड़े मंगल के दिन शहर भर में जगह जगह पर भंडारे का आयोजन हुआ। गलियों से लेकर चौराहों तक भंडारों में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के ज्यादातर हिस्सों में भंडारे व प्याऊ लगाये गये। कई व्यंजनों को प्रसाद के रूप में बांटा गया जिसमें पूड़ी सब्जी सबसे प्रमुख रही। राजधानी में लाखों लोगों ने प्रसाद का ग्रहण किया। हजरतगंज, गोमती नगर, अलीगंज, पुराना लखनऊ, चारबाग हुसैनगंज व शहर के प्रमुख इलाकों समेत हर जगह पर भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया।

36 घण्टे लगातार भक्तों ने किए दर्शन:
अलीगंज हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। दिन भर में 11 बार चोला बदला गया। सोमवार रात में 12 बजे मंदिर का खुला कपाट मंगलवार रात 12 बजे बंद हुआ। 36 घण्टे लगातार भक्तों ने दर्शन किए। मंदिर के कार्यालय अधीक्षक राकेश दीक्षित ने बताया कि बजरंगबली को 2.5 कुंतल लड्डू, एक हजार कालाजाम, सब्जी- पूड़ी और हलवा का भोग लगाया गया। मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रभु के दरबार पहुंचकर हाजिरी लगाई। मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित भंडारे में तीन तरह की सब्जी- पूड़ी, रायता और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।

कोनेश्वर महादेव मंदिर:
चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर में सुबह और शाम बजरंगबली की आरती हुई। सुबह पांच बजे से ही भक्त बजरगंबली के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। बजरंगबली को 101 किलो बूंदी का भोग लगाया गया। कोनेश्वर महादेव प्रबंधक कमेटी के मंत्री अनिल कपूर ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर के बाहर भण्डारे का आयोजन हुआ। सुबह से लेकर शाम तक सब्जी पूड़ी का प्रसाद बांटा गया। शाम को भजन मण्डली की ओर से सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ।

पातालपुरी हनुमान मंदिर: 56 व्यंजन का भोग:
पक्का पुल स्थित श्री अहिमर्दन पातालपुरी हनुमान मंदिर में बजरंगबली को सिंदूर का अभिषेक कर शृंगार किया गया। आरती उतारकर 56 व्यंजन का भोग अर्पित किया गया। सुबह- शाम बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। सभी ने बजरंगबली की आराधना कर सुख- समृद्धि की कामना की। कोषाध्यक्ष रिद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि सुबह से लेकर रात तक आयोजित भण्डारे में सब्जी- पूड़ी और रायता का प्रसाद वितरित किया गया।

हनुमान जी का सिंदूर से हुआ भव्य श्रृंगार
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मना पहला बड़ा मंगल

लखनऊ। प्राचीन श्री लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में आज पहले बड़े मंगल पर दर्शन सुबह 5:00 बजे मंगला आरती से प्रारंभ हो गए। हनुमान जी महाराज का सिंदूर लेपन का कार्यक्रम के बाद भव्य श्रृंगार किया गया । मुख्य सेवादार डॉ विवेक तांगड़ी ने हनुमान जी की भव्य महा आरती उतारी । इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित भक्तों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया । आज मंदिर परिसर में हरित भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें दोना, पत्तल, कागज के गिलास और कुल्हड़ का उपयोग किया गया। ट्रस्ट के सचिव डॉ पंकज सिंह भदौरिया ने हरित भंडारे का वितरण किया। 4:00 बजे से सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ हुआ शाम को हनुमान जी महाराज का फूलों का भाव सिंगार किया गया इस अवसर पर प्रमुख रूप से ट्रस्ट के अल्केश सोती,रिद्धि किशोर गौड़, लवलीन खोसला, आशीष अग्रवाल, सुरेंद्र , अजय मेहरोत्रा, प्रहलाद अग्रवाल ,अखिलेश कुमार, आनंद मोहन सहित बड़ी संख्या में सेवादारों ने मंदिर को अपनी सेवाएं प्रदान की ।

राजधानी में कई जगहों पर लगा बड़े मंगल का भंडारा
लखनऊ। अलीगंज के पुराने हनुमान मंदिर समेत अन्य मंदिरों में बजरंगबली का विशेष श्रृंगार व भंडारा आयाजित किया गया। पातालपुरी हनुमान मंदिर में 56 भोग लगा। पूड़ी, सब्जी और शरबत का भंडारा सुबह 11:30 बजे से शुरू हुआ। पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूड़ी सब्जी का भंडारा लगा। महानगर गोल चौराहा के पास पूड़ी, सब्जी, बूंदी और रायता बांटा गया।
अमीनाबाद बाजार में गड़बड़झाला एसोसिएशन अध्यक्ष प्रियंक गुप्ता की ओर से आइसक्रीम वितरित की गयी। बाबूगंज स्थित भुईयन देवी मंदिर पर भक्तों में गोलगप्पे वितरित किए गये। चौक स्थित गोल दरवाजे पर चौक सराफा एसोसिएशन के संगठन मंत्री अतुल गुप्ता ने बताया कि इस बार ज्येष्ठ के तीसरे, चौथे मंगल पर छोला चावल, कढ़ी चावल व बूंदी प्रसाद का वितरण किया जायेगा। अलीगंज स्थित साहू एजेंसी के सामने डा. संदीप अग्रवाल द्वारा सब्जीपूड़ी का वितरण किया गया। लेटे हनुमान मंदिर के निकट पक्का पुल पर भंडारा सुबह 10 बजे से पूड़ी-सब्जी, बूंदी, शरबत और शाम को 56 भोग का प्रसाद वितरण किया गया।

श्री श्याम मन्दिर में भक्तों को बांटा प्रसाद, हुआ सुंदरकांड का पाठ
लखनऊ। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मंदिर में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर प्रथम मंगलवार की सुबह से ही भक्तों की दर्शन लाइन लगी रही। दर्शन करने आने वाले भक्तों को श्री श्याम कृपा भंडारा का प्रसाद वितरित किया गया।
महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम मंगलवार से आखिरी मंगलवार तक प्रतिदिन सायं 5 से 7 तक श्री श्याम कृपा भंडारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा रोजाना शाम को बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए मंदिर आते हैं जिसे ध्यान में रखते हुए आने वाले सभी भक्तों को इस बार पहली बार पूरे एक महीने भंडारे का आयोजन श्री श्याम परिवार के पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा जिसमें प्रथम मंगलवार भंडारे का संयोजन महावीर प्रसाद अग्रवाल द्वारा किया गया जिसमें पूरी सब्जी के साथ बूंदी प्रसाद का वितरण किया गया। हर दिन प्रसाद का मेनू भी बदल बदल कर प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम परिवार द्वारा शीतल ठंडा पानी के लिए दो वॉटर कूलर लगाया जा चुका है परिवार के सदस्यों द्वारा शहर के कई स्थानों पर प्याऊ लगाया जा रहा हैं । इस मौके पर भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने वालों की भीड़ नजर आयी।

हनुमान चालीसा पाठ के स्वर से गुंजायमान हुआ शहर
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर भोर से ही हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बजरंगबली का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। घंटे-घड़ियाल की करतल ध्वनि के बीच बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। लाल देह लाली लसे अरु धरि लाल लंगूर व हनुमान चालीसा पाठ के स्वर भी गुंजायमान होते रहे। तेज धूप होने के बावजूद भक्तों 9का उत्साह कम नहीं हुआ। हनुमत भक्ति के गीतों के बीच दिनभर जगह-जगह भंडारे आयोजित कर प्रसाद वितरण किया जाता रहा। हजारों भक्तों ने भंडारे में प्रसाद गृहण किया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर हनुमत स्तुति की धूम रही। पहला बड़ा मंगल उत्सव सरीखा रहा। मंगलवार को भोर से ही हनुमान जी के मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। कई भक्तों ने हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया तो कुछ भक्तों ने फूल.माला व प्रसाद अर्पित कर जयकारे लगाए। घंटे-घड़ियाल के बीच बजरंगबली के जयकारों व पवनसुत के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

दक्षिणेश्वर मंदिर में भी दर्शन को उमड़े भक्त:
हजरतगंज में बने दक्षिणोश्वर हनुमान मंदिर में रात से भक्तों के जयकारे गूंजने लगे। बिजली की रंगबिरंगी झालरों से जगमगा रहे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी। भक्तों ने केसरीनंदन को प्रसाद चढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया।

मानसरोवर कॉलोनी के भंडारे में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के प्रथम बड़े मंगल के पावन अवसर पर मानसरोवर कॉलोनी, सेक्टर ड स्थित चिल्ड्रेन पार्क में आज एक विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में कॉलोनी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया। आयोजन स्थल को सुंदर ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। भंडारे में प्रसाद के रूप में पूड़ी, सब्जी, हलवा सहित विभिन्न व्यंजन वितरित किए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों के इस सेवा कार्य की सराहना की। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बड़े मंगल का विशेष महत्व होता है और हर वर्ष इस अवसर पर सामूहिक रूप से भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलोनी के सभी लोगों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

शिप्रा पाठक ने बड़े मंगल पर 55 हजार हरे पत्तल बांटकर दिया प्लास्टिक मुक्त भविष्य का संदेश

भंडारों में प्लास्टिक की जगह हरे पत्तलों का वितरण गोमती नदी को प्रदूषण से बचाने का लिया संकल्प शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चलाया जागरूकता...

पहला बड़ा मंगल आज, पवनसुत के जयकारों से गूजेंगे शहर

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर संकटमोचक हनुमान जी के दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हनुमान...

कालाष्टमी व्रत 9 को , होगी कालभैरव की पूजा

लखनऊ। हिंदू धर्म में कालाष्टमी व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। यह व्रत हर महीने कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रखा जाता...

हनुमान जी का सिंदूर से हुआ भव्य श्रृंगार

पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मना पहला बड़ा मंगल लखनऊ। प्राचीन श्री लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में आज पहले बड़े मंगल पर दर्शन...

सोमनाथ यात्रा की सफलता पर मातृशक्तियों की उपस्थिति में हुआ विशाल भंडारा

लेखराज मेट्रो स्टेशन चौराहे पर हुए इस आयोजन में यात्रा में शामिल हुईं मातृशक्तियों ने इस सुखद यात्रा की भूरि-भूरि प्रशंसा की सपना गोयल के...

विजय पैराडाइज परिवार के भंडारे में बांटा प्रसाद

ओ.पी. श्रीवास्तव ने प्रसाद वितरित कियालखनऊ। सामाजिक संस्था विजय पैराडाइज परिवार के तत्वावधान में आज दोपहर पीताम्बरा लॉन विकास नगर लखनऊ में ज्येष्ठ मास...

शिप्रा पाठक ने बड़े मंगल पर 55 हजार हरे पत्तल बांटकर दिया प्लास्टिक मुक्त भविष्य का संदेश

भंडारों में प्लास्टिक की जगह हरे पत्तलों का वितरण गोमती नदी को प्रदूषण से बचाने का लिया संकल्प शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चलाया जागरूकता...

सीजफायर बेअसर, लेबनान पर इजरायल का हमला, 17 की मौत

सीजफायर कागजी साबित होता दिख रहा है क्योंकि इजरायल और लेबनान के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा। दक्षिण लेबनान पर इजरायल...

सनराइजर्स के खिलाफ बल्लेबाजी में सुधार करना होगा पंजाब किंग्स को

हैदराबाद। पिछले दो मैचों में बल्लेबाजों की नाकामी के कारण हार का सामना करने वाली पंजाब किंग्स की टीम को अगर अपना अभियान वापस...